जयपुर, 17 मई। हरिभाऊ बागडे ने रविवार को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा श्री सत्य साईं हार्ट हॉस्पिटल, अहमदाबाद और राजकोट द्वारा महावीर कॉमर्स कॉलेज में आयोजित विशाल निःशुल्क हृदय रोग निदान शिविर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने हृदय रोगों से बचाव के लिए जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
राज्यपाल ने कहा कि सात्विक आहार, नियमित शारीरिक व्यायाम और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने से हृदय रोगों के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार हर वर्ष करोड़ों लोग हृदय रोगों से प्रभावित होते हैं, इसलिए लोगों को हार्ट अटैक के कारणों और बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि गरीबों के लिए चिकित्सा और शिक्षा के क्षेत्र में सत्य साईं संस्थाओं का योगदान महत्वपूर्ण है। साथ ही, उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों का उल्लेख करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाने पर जोर दिया।
राज्यपाल ने आयुर्वेद, संतुलित खानपान और शरीर की आंतरिक स्थिति की निगरानी को लंबे और स्वस्थ जीवन के लिए जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि धमनियों को स्वस्थ रखने और हृदय रोगों से बचाव के लिए नियमित शारीरिक गतिविधियों के प्रति लोगों को अधिक जागरूक किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम में राज्यपाल ने निःशुल्क हार्ट ऑपरेशन के लिए चयनित मरीजों को टोकन पत्र भी वितरित किए। इस दौरान चुन्नीलाल गरासिया ने स्वास्थ्य सेवाओं में साईं हार्ट हॉस्पिटल के योगदान की सराहना की।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.