जयपुर: जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गुरुवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब एअर इंडिया की फ्लाइट को रनवे छूने के बाद अचानक दोबारा हवा में उड़ान भरनी पड़ी। मुंबई से जयपुर पहुंची फ्लाइट AI-2781 की पहली लैंडिंग असफल होने से विमान में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
फ्लाइट करीब 10 मिनट तक हवा में चक्कर लगाती रही, जिसके बाद पायलट ने दूसरी बार लैंडिंग का प्रयास किया। दूसरे प्रयास में विमान को सुरक्षित रूप से जयपुर एयरपोर्ट पर उतार लिया गया।
जानकारी के अनुसार, फ्लाइट AI-2781 ने गुरुवार दोपहर करीब 1 बजकर 10 मिनट पर जयपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग का प्रयास किया था। विमान रनवे को छू भी चुका था, लेकिन उसी समय पायलट ने स्थिति को देखते हुए लैंडिंग पूरी नहीं की और विमान को दोबारा टेकऑफ करा दिया।
एविएशन सूत्रों के मुताबिक, अस्थिर अप्रोच (Unstable Approach) की वजह से पायलट ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए गो-अराउंड का फैसला लिया। इसके बाद विमान ने जयपुर के आसमान में करीब 10 मिनट तक चक्कर लगाया।
पहली असफल कोशिश के बाद पायलट ने दोपहर 1 बजकर 21 मिनट पर दोबारा लैंडिंग की अनुमति ली। इस बार अप्रोच स्थिर रहने के बाद विमान को सुरक्षित रूप से रनवे पर उतार लिया गया। लैंडिंग के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।
एविएशन एक्सपर्ट्स के अनुसार, गो-अराउंड कोई आपात स्थिति नहीं बल्कि एक मानक और सुरक्षित प्रक्रिया है। जब पायलट को लगता है कि लैंडिंग सुरक्षित नहीं है, तो वह तुरंत विमान को दोबारा हवा में ले जाकर स्थिति सामान्य होने पर फिर से लैंडिंग करता है। यह प्रक्रिया संभावित हादसों को टालने के लिए अपनाई जाती है।
गौरतलब है कि बीते कुछ समय में जयपुर एयरपोर्ट पर गो-अराउंड, डायवर्जन और लैंडिंग में दिक्कत के कई मामले सामने आ चुके हैं। कभी खराब मौसम, तो कभी तकनीकी या अप्रोच से जुड़ी समस्याओं के चलते पायलटों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी है।
हालांकि, एयरलाइंस की ओर से इस घटना को रूटीन सेफ्टी प्रोसीजर बताया गया है, लेकिन बार-बार ऐसी घटनाओं से यात्रियों की चिंता बढ़ती जा रही है।
जयपुर एयरपोर्ट पर एअर इंडिया की फ्लाइट AI-2781 के साथ हुई यह घटना भले ही सुरक्षित रूप से टल गई, लेकिन इससे एविएशन सेफ्टी और एयरपोर्ट संचालन को लेकर सवाल जरूर खड़े होते हैं। पायलट की सूझबूझ और समय पर लिए गए फैसले से एक संभावित हादसा टल गया, जो यात्रियों की जान बचाने में निर्णायक साबित हुआ।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.