जालंधर: पंजाब में कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। जालंधर में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता लक्की ओबेरॉय की गुरुवार सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने गुरुद्वारे के बाहर सरेआम इस वारदात को अंजाम दिया। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
मृतक AAP नेता की पहचान 53 वर्षीय सतिंपाल सिंह जोगी उर्फ लक्की ओबेरॉय के रूप में हुई है। वह जालंधर कैंट से वार्ड-35 के हलका इंचार्ज थे।
पुलिस के मुताबिक, लक्की ओबेरॉय रोजाना की तरह सुबह करीब 7:15 बजे मॉडल टाउन इलाके के गुरुद्वारे में माथा टेकने पहुंचे थे। जब वह दर्शन के बाद बाहर निकलकर अपनी थार गाड़ी में बैठने लगे, तभी एक्टिवा पर सवार बदमाश वहां पहुंचे।
बदमाशों ने बिना कोई मौका दिए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
5 गोलियां सीने में
1 गोली सिर/चेहरे पर
गोलियां लगते ही लक्की ओबेरॉय गाड़ी की सीट पर लुढ़क गए। हमलावर मौके से फरार हो गए।
परिजन गंभीर हालत में उन्हें पहले मॉडल टाउन के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार उन्हें श्रीराम अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन वहां भी डॉक्टरों ने उनकी मौत की पुष्टि की।
हत्या की पूरी वारदात पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि हमलावर पहले से घात लगाए बैठे थे और बेहद पेशेवर तरीके से फायरिंग कर फरार हो गए।
पूरी रेकी के बाद हत्या
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि हमलावरों ने लक्की ओबेरॉय की दिनचर्या की पूरी जानकारी जुटाई थी। उन्हें पता था कि वह रोज सुबह गुरुद्वारे आते हैं और थार गाड़ी में जाते हैं।
भागने का मौका न मिले, इसलिए थार में बैठने का इंतजार
हमलावरों ने जानबूझकर लक्की के गाड़ी में बैठने तक इंतजार किया, ताकि वह भाग न सकें।
टारगेट किलिंग, गैंगस्टर कनेक्शन का शक
पुलिस को शक है कि यह पूरी तरह से टारगेट किलिंग है, जिसके पीछे गैंगस्टर नेटवर्क शामिल हो सकता है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि शेरू ग्रुप ने 25 दिसंबर 2025 को सोशल मीडिया पर धमकी दी थी। खालसा कॉलेज की प्रधानगी को लेकर लक्की ओबेरॉय का विवाद चल रहा था। हत्या की जिम्मेदारी जस्स बुट्टर नाम के व्यक्ति ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए लेने का दावा किया है।
ADCP जयंत पुरी ने बताया कि पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और सभी नाकों पर अलर्ट जारी किया गया है।
ADCP हरिंदर सिंह गिल के मुताबिक, आरोपी मुंह ढंके हुए थे और तीन विशेष टीमों को जांच में लगाया गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद FIR दर्ज की जा रही है।
श्रीराम अस्पताल के डॉक्टर विशाल ने बताया कि लक्की ओबेरॉय को टारगेट कर 8 से 9 राउंड फायरिंग की गई थी। हालत बेहद नाजुक थी, उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया लेकिन बचाया नहीं जा सका।
जालंधर में AAP नेता लक्की ओबेरॉय की सरेआम हत्या ने पंजाब की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गुरुद्वारे जैसे पवित्र स्थान के बाहर हुई यह वारदात बताती है कि अपराधियों के हौसले कितने बुलंद हैं। पुलिस इसे टारगेट किलिंग मानकर जांच कर रही है और आने वाले समय में बड़े खुलासों की संभावना है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.