राजधानी: जयपुर सहित प्रदेश के पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी जिलों में छाए घने कोहरे ने जनजीवन के साथ-साथ हवाई यातायात को भी बुरी तरह प्रभावित किया। जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बुधवार सुबह विजिबिलिटी घटकर करीब 100 मीटर रह गई, जिसके चलते कई फ्लाइट्स अपने निर्धारित समय पर उड़ान नहीं भर सकीं।
जयपुर से चंडीगढ़ और उदयपुर जाने वाले यात्रियों को 3 से 4 घंटे तक एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा, जिससे यात्रियों में भारी नाराज़गी देखने को मिली।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, इंडिगो की जयपुर–चंडीगढ़ फ्लाइट (6E-7718) जो रोज़ाना सुबह 9:45 बजे उड़ान भरती है, वह घने कोहरे के कारण करीब 4 घंटे की देरी से दोपहर 1:53 बजे जयपुर से रवाना हो सकी।
इसी तरह इंडिगो की जयपुर–उदयपुर फ्लाइट (6E-7465) जो सुबह 6:55 बजे उड़ान भरने वाली थी, वह करीब सवा तीन घंटे की देरी से सुबह 10:15 बजे उड़ सकी। इस दौरान यात्रियों को टर्मिनल पर लंबा इंतजार करना पड़ा।
घने कोहरे का असर सिर्फ उड़ान भरने वाली फ्लाइट्स तक ही सीमित नहीं रहा। अहमदाबाद से जयपुर आने वाली इंडिगो फ्लाइट (6E-7114) को जयपुर में उतरने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
यह फ्लाइट सुबह 7:50 बजे जयपुर पहुंचने वाली थी, लेकिन खराब विजिबिलिटी के कारण विमान काफी देर तक हवा में चक्कर काटता रहा। जब हालात में सुधार नहीं हुआ, तो विमान को वापस अहमदाबाद डायवर्ट कर दिया गया। बाद में यही फ्लाइट दोबारा अहमदाबाद से उड़ान भरकर सुबह 11:28 बजे जयपुर पहुंच सकी।
इसी तरह इंदौर से जयपुर आने वाली इंडिगो फ्लाइट (6E-7274) को भी लैंडिंग में दिक्कत आई। यह विमान जयपुर एयरस्पेस में करीब 25 मिनट तक हवा में चक्कर लगाता रहा, जिसके बाद विजिबिलिटी में मामूली सुधार होने पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
लगातार देरी और डायवर्जन के कारण यात्रियों को कनेक्टिंग फ्लाइट्स, जरूरी मीटिंग्स और पारिवारिक कार्यक्रमों में देरी का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों ने एयरपोर्ट प्रबंधन से बेहतर सूचना व्यवस्था की मांग भी की।
जयपुर में छाए घने कोहरे ने यह साफ कर दिया कि मौसम की मार का सबसे पहला असर हवाई सेवाओं पर पड़ता है। कम विजिबिलिटी के चलते फ्लाइट्स में देरी और डायवर्जन से यात्रियों को भारी असुविधा झेलनी पड़ी। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी सुबह के समय कोहरे का असर बना रह सकता है, जिससे फ्लाइट शेड्यूल पर और असर पड़ने की आशंका है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.