दौसा। दौसा पुलिस ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब एक करोड़ रुपए की अंग्रेजी शराब से भरा ट्रक पकड़ा है। शराब को चावल के कट्टों की आड़ में बेहद शातिर तरीके से छिपाकर पंजाब से मुंबई ले जाया जा रहा था, लेकिन इससे पहले ही दौसा पुलिस की मुस्तैदी ने तस्करों की योजना नाकाम कर दी।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देश पर डीएसटी और बांदीकुई थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। बीती देर रात एक्सप्रेसवे पर संदिग्ध ट्रक को रोककर जब तलाशी ली गई तो पुलिस भी नजारा देखकर हैरान रह गई।
बांदीकुई थाना इंचार्ज जहीर अब्बास, डीएसटी प्रभारी प्रदीप राव और लोकेश शर्मा की टीम ने ट्रक की गहन तलाशी ली। ट्रक के ऊपर और पीछे की ओर चावल के कट्टे लदे हुए थे, लेकिन नीचे हिस्से में अंग्रेजी शराब की 1070 पेटियां भरी हुई मिलीं।
शराब इतनी व्यवस्थित ढंग से छिपाई गई थी कि सामान्य जांच में इसका पता लगाना मुश्किल था।
ट्रक चालक से पूछताछ में सामने आया कि यह अवैध शराब पंजाब के पठानकोट से लोड की गई थी और इसे मुंबई पहुंचाया जाना था। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक दिनेश भाम्भू, निवासी सदर थाना क्षेत्र, जिला बाड़मेर, को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने ट्रक को दौसा सदर थाना परिसर में लाकर खाली करवाया। इस दौरान ट्रक से तीन अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब के एक हजार से अधिक कार्टन बरामद किए गए। पकड़ी गई शराब की अनुमानित बाजार कीमत एक करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने अवैध शराब और ट्रक को जब्त कर लिया है। साथ ही तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और भूमिका को लेकर गहन जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं और शराब की सप्लाई किन-किन राज्यों में की जा रही थी।
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दौसा पुलिस की यह कार्रवाई अवैध शराब तस्करों के लिए बड़ा झटका है। करोड़ों की शराब पकड़कर पुलिस ने न केवल बड़ी आपराधिक साजिश को नाकाम किया, बल्कि यह भी साबित कर दिया कि एक्सप्रेसवे पर अब अपराधियों के लिए रास्ता आसान नहीं है। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.