गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में पूजा कश्यप हत्याकांड का नवाबगंज पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी और पूर्व प्रेमी राजकुमार सोनकर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने जबरन मिलने बुलाकर, शारीरिक संबंध बनाने और पति छोड़ने का दबाव डाला था। इनकार करने पर गुस्से में आकर उसने पूजा की गला घोंटकर हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, पूजा कश्यप 14 जनवरी को मकर संक्रांति का त्योहार मनाने अपने मायके आई थी। इसकी जानकारी मिलते ही पूर्व प्रेमी राजकुमार सोनकर ने 15 जनवरी को फोन कर जबरन मिलने के लिए बुलाया।
मुलाकात के दौरान आरोपी ने पूजा पर दोबारा संबंध बनाने और अपने पति को छोड़ने का दबाव डाला। पूजा के साफ इनकार करने पर आरोपी भड़क गया और दोनों के बीच तीखी बहस के बाद हाथापाई हो गई।
हाथापाई के दौरान पूजा की हाथ की चूड़ियां टूटकर गन्ने के खेत में गिर गईं। इसी दौरान राजकुमार ने अपनी जेब में रखी प्लास्टिक की रस्सी निकाली और पूजा का गला घोंट दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी शव को गन्ने के खेत में फेंककर फरार हो गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि पूजा कश्यप और राजकुमार सोनकर के बीच शादी से पहले प्रेम संबंध थे। दोनों टपरा कॉलोनी गांव के रहने वाले थे और लंबे समय तक संपर्क में रहे।
जब पूजा के परिजनों ने उसकी शादी कुंजालपुर गांव निवासी सुभाष से तय की, तो राजकुमार ने इसका विरोध किया था। बावजूद इसके पूजा ने परिवार के फैसले को मानते हुए शादी कर ली।
शादी के बाद भी राजकुमार पूजा को लगातार फोन कर परेशान करता रहा और पति छोड़ने का दबाव बनाता रहा। पूजा के मना करने से वह नाराज रहता था। मायके आने की सूचना मिलते ही उसने इस वारदात को अंजाम दे दिया।
मृतका की मां अनीता ने नवाबगंज थाने में बेटी की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तेजी से जांच की और 48 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
नवाबगंज थाना अध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि आरोपी ने अपराध कबूल कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गोंडा का यह हत्याकांड एक बार फिर साबित करता है कि अस्वीकृति और जबरन रिश्ते थोपने की मानसिकता किस तरह जघन्य अपराध में बदल जाती है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच चुका है, लेकिन यह घटना समाज के लिए एक गंभीर चेतावनी भी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.