जयपुर। राजधानी जयपुर में सोमवार सुबह हिस्ट्रीशीटर द्वारा की गई फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के गंगापोल इलाके में एक युवक को गोली मार दी गई। घायल युवक को गंभीर हालत में SMS अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना सोमवार सुबह करीब 9 बजे की है। घायल युवक की पहचान बबलू महावर (30) के रूप में हुई है। बबलू अपने घर के बाहर बैठा था, तभी सुभाष चौक थाने का हिस्ट्रीशीटर रवि मेहरा (25) अपने एक साथी के साथ बाइक पर वहां पहुंचा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रवि मेहरा ने पहले बबलू के चचेरे भाई अजय महावर को निशाना बनाकर गोली चलाई। अजय ने सतर्कता दिखाते हुए खुद को बचा लिया, लेकिन गोली पीछे बैठे बबलू की जांघ में जा लगी। गोली लगते ही बबलू जमीन पर गिर पड़ा, जबकि आरोपी बाइक से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही ब्रह्मपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को तुरंत SMS अस्पताल पहुंचाया गया। FSL की टीम ने घटनास्थल से गोली और खून से सनी पेंट सहित महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
घटना के बाद बबलू के परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग ब्रह्मपुरी थाने पहुंचे और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध जताया। लोगों का कहना है कि हिस्ट्रीशीटर रवि मेहरा इलाके में पहले भी फायरिंग कर चुका है, लेकिन पुलिस ने उस समय सख्त कार्रवाई नहीं की।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि करीब 15 दिन पहले भी आरोपी ने गंगापोल इलाके में हवाई फायरिंग की थी। उस समय थाने में शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का आरोप है कि इसी लापरवाही के कारण आज यह गंभीर घटना हुई।
घायल बबलू के पिता रतनलाल ने बताया कि आज ही वे बेटी की शादी के निमंत्रण के लिए गणेश जी को आमंत्रण देकर लौटे थे। उन्होंने कहा कि परिवार में 6 फरवरी को बेटी की शादी है और घर में तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान यह हमला हुआ। उन्होंने दावा किया कि उनका आरोपी से कोई पुराना विवाद नहीं था।
ब्रह्मपुरी थाना प्रभारी राजेश गौतम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश का प्रतीत हो रहा है। आरोपी रवि मेहरा के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है।
SI जगदीश नारायण ने जानकारी दी कि हिस्ट्रीशीटर रवि मेहरा पर पहले से ब्रह्मपुरी थाने में 15 और सुभाष चौक थाने में 11 मुकदमे दर्ज हैं। कुल 26 मामलों के बावजूद आरोपी खुलेआम घूम रहा था, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
जयपुर के गंगापोल इलाके में हुई यह फायरिंग एक बार फिर पुलिस की कार्रवाई और हिस्ट्रीशीटरों पर नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े करती है। बेटी की शादी से पहले परिवार पर टूटी इस मुसीबत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। स्थानीय लोग अब आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.