जस्थान युवा कांग्रेस की लगभग एक माह तक चली चुनावी प्रक्रिया अब पूरी हो चुकी है। इस बार चुनाव प्रदेशभर में रिकॉर्ड सदस्यता, भारी राजनीतिक सक्रियता और युवा नेताओं की जबरदस्त भागीदारी के कारण लगातार चर्चा में रहे। प्रदेश अध्यक्ष से लेकर ब्लॉक अध्यक्ष तक के पदों के लिए हुए चुनावों में बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया। प्रदेशभर में कुल 34.33 लाख युवाओं ने सदस्यता ग्रहण की, लेकिन इनमें से सदस्यता शुल्क जमा कराने वाले 32.64 लाख युवाओं के वोटों को ही वैध माना जाएगा। बुधवार को मतदान प्रक्रिया समाप्त होने के बाद शुक्रवार शाम तक सदस्यता शुल्क जमा करने वालों का अंतिम आंकड़ा सामने आया।
इस बार युवा कांग्रेस के चुनाव कई मायनों में खास माने जा रहे हैं क्योंकि प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महासचिव, जिलाध्यक्ष, जिला महासचिव, विधानसभा अध्यक्ष और ब्लॉक अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों के लिए युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। चुनाव प्रक्रिया के दौरान प्रदेश के अलग-अलग जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं और कई जगह उम्मीदवारों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
सूत्रों के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ इस बार बेहद दिलचस्प बनी हुई है। बताया जा रहा है कि प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए सबसे ज्यादा वोट प्राप्त करने वाले उम्मीदवार को प्राथमिकता दी जा सकती है। हालांकि यदि शीर्ष उम्मीदवारों के बीच वोटों का अंतर बहुत कम रहता है या किसी उम्मीदवार को लेकर किसी तरह का विवाद सामने आता है, तो अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व के स्तर पर लिया जा सकता है।
सूत्रों का यह भी कहना है कि ऐसी स्थिति में कांग्रेस नेता राहुल गांधी संभावित दावेदारों का साक्षात्कार लेकर अंतिम नाम तय कर सकते हैं। इसी वजह से चुनाव परिणाम को लेकर सभी की नजरें दिल्ली पर टिकी हुई हैं। जयपुर सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों से विधानसभा और लोकसभा चुनाव लड़ चुके युवा नेताओं के बीच कांटे की टक्कर होने की चर्चा भी राजनीतिक गलियारों में तेज है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस बार युवा कांग्रेस के चुनाव आने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनावों की रणनीति को भी प्रभावित कर सकते हैं, क्योंकि इन चुनावों के जरिए उभरने वाले युवा चेहरे भविष्य में पार्टी की बड़ी जिम्मेदारियां संभाल सकते हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.