राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में घर में सो रही मां-बेटी पर जानलेवा हमला हुआ। इस हमले में एक बच्ची की मौत हो गई जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला का प्रतापगढ़ जिला अस्पताल में उपचार जारी है। घटना सीतामाता अभयारण्य क्षेत्र की पाल ग्राम पंचायत के भोपा खेड़ा पाल गांव में हुई।
जानकारी के अनुसार, देर रात अज्ञात बदमाश घर में घुसा और धारदार हथियार से हमला किया। महिला मानकी और उसकी दो बेटियां घर में मौजूद थीं। छोटी बेटी मां के पास सो रही थी और बड़ी बेटी दूसरे कमरे में। हमलावर ने मां और बेटी पर हमला किया, जिसमें बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई और मां गंभीर घायल हुई।
महिला की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुका था। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल महिला को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया और गंभीर स्थिति में उसे प्रतापगढ़ जिला अस्पताल रेफर किया। मृत बच्ची का शव सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया।
पूर्व सरपंच मिट्ठू लाल मीणा के अनुसार, घर में कुल पांच सदस्य रहते हैं। घटना के समय महिला का पति केशुराम और बेटा रमेश काम के सिलसिले में राजसमंद गए हुए थे। ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में इस तरह की वारदात पहली बार सामने आई है।
देवगढ़ थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.