बांसवाड़ा जिले के कसारवाड़ी थाना क्षेत्र के बोचड़दा गांव में पुश्तैनी जमीन के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां एक ही परिवार के दो पक्ष आमने-सामने आ गए। जमीन पर निर्माण कार्य को लेकर हुए इस विवाद में दोनों पक्षों के बीच पथराव और लाठी-डंडों से जमकर मारपीट हुई, जिसमें कुल 12 लोग घायल हो गए। कुछ घायलों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें सज्जनगढ़ सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, विवाद पुश्तैनी खातेदारी जमीन पर 30×50 फीट हिस्से में कथित अवैध निर्माण को लेकर शुरू हुआ था। एक पक्ष का आरोप है कि दूसरे पक्ष द्वारा कोर्ट में मामला लंबित होने के बावजूद निर्माण कार्य जारी रखा गया और जमीन पर कब्जे की कोशिश की गई। विरोध करने पर गाली-गलौज और जानलेवा हमला किया गया।
वहीं दूसरे पक्ष ने भी आरोप लगाते हुए जमीन को अपनी बताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार, यह विवाद पहले भी कई बार सामने आ चुका है और दोनों पक्षों को शांति भंग के मामलों में पाबंद भी किया गया था।
फिलहाल कसारवाड़ी थाना पुलिस ने एक पक्ष की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.