जालोर जिले के आहोर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मंडला इलाके में हुए एक सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर का महज 48 घंटे के भीतर सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों रमेश कुमार मीणा और अभिषेक मीणा को गिरफ्तार किया है। जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि मृतक राजेंद्र कुमार मीणा की पत्नी ममता ने अपने प्रेमी रमेश के साथ मिलकर पति की हत्या की पूरी साजिश रची थी।
पुलिस जांच के अनुसार, मृतक राजेंद्र कुमार मीणा का विवाह करीब 14–15 वर्ष पहले ममता से हुआ था। पिछले कुछ समय से दोनों के बीच घरेलू विवाद चल रहा था, जिसके चलते ममता अपने पीहर चली गई थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात रमेश कुमार मीणा से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन राजेंद्र उनके रिश्ते में बाधा बन रहा था। इसी कारण दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।
साजिश के तहत रमेश और उसके रिश्तेदार अभिषेक ने मिलकर मृतक को मजदूरी दिलाने का झांसा दिया और बाइक पर बैठाकर सुनसान इलाके में ले गए। रास्ते में उसे शराब पिलाई गई और फिर मंडला क्षेत्र के निर्जन स्थान पर ले जाकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को मौके पर ही फेंक दिया और फरार हो गए।
घटना के बाद 24 जून को मंडला सीमा क्षेत्र में एक अज्ञात शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए शव की शिनाख्त पाली जिले के रानीगांव निवासी राजेंद्र कुमार मीणा के रूप में की। मृतक की मां की शिकायत पर पुलिस ने उसकी पुत्रवधू ममता और अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल और एमओबी टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल, बीटीएस लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच को आगे बढ़ाया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध रमेश कुमार मीणा और अभिषेक मीणा को हिरासत में लिया गया। कड़ी पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
यह पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोटाराम के निर्देशन, वृत्ताधिकारी आहोर दशरथ सिंह के सुपरविजन तथा थानाधिकारी करण सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी गहनता से पड़ताल की जा रही है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.