राजस्थान में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। मौसम विभाग ने रविवार को राज्य के 26 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है, जो आगामी 1 जुलाई तक जारी रहने की संभावना है। उदयपुर और कोटा संभाग के कई क्षेत्रों में दोपहर बाद मौसम में बदलाव देखने को मिला, जहां बादल छाने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई। बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, पाली, डूंगरपुर, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, सिरोही और झालावाड़-बारां के कुछ हिस्सों में बारिश दर्ज की गई।
सबसे अधिक बारिश बांसवाड़ा में रिकॉर्ड की गई, जबकि कई जिलों में 1 से 3 इंच तक वर्षा हुई। उदयपुर क्षेत्र की बाकल नदी में पानी का बहाव शुरू हो गया है। वहीं दूसरी ओर बीकानेर और जैसलमेर में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। फलोदी में अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा।
जयपुर, अजमेर, जोधपुर, अलवर, सीकर और कोटा जैसे जिलों में दिनभर गर्मी और उमस बनी रही, हालांकि कुछ स्थानों पर बादल छाने के बावजूद बारिश नहीं हुई। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी कई जिलों में आंधी-बारिश की संभावना जताई है, जिससे तापमान में गिरावट की उम्मीद है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.