राजस्थान के कई हिस्सों में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। सोमवार सुबह राजधानी जयपुर सहित कई इलाकों में हल्की बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। वहीं उदयपुर संभाग के जिलों में पिछले कुछ दिनों से चल रही आंधी-बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने राज्य के 25 जिलों में अगले तीन दिनों तक आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की है, जबकि 2 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
इससे पहले रविवार को श्रीगंगानगर में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया, जो राज्य का सबसे गर्म जिला रहा। पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, चूरू, जैसलमेर, जोधपुर सहित कई जिलों में दिन और रात दोनों समय तेज गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान किया। कई स्थानों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटों में उदयपुर, प्रतापगढ़, झालावाड़, चित्तौड़गढ़, बांसवाड़ा और भीलवाड़ा सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज आंधी दर्ज की गई, जिससे कुछ क्षेत्रों में पेड़ और बिजली के पोल गिरने की घटनाएं भी सामने आईं।
राज्य के कई हिस्सों में रातें भी गर्म बनी हुई हैं। हनुमानगढ़ में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे वहां “गर्म रात” का असर देखने को मिला।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में राहत और परेशानी दोनों के संकेत दिए हैं, जहां एक ओर बारिश से गर्मी से राहत मिलेगी, वहीं आंधी और तेज हवाओं को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.