जयपुर। जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 69 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही छह अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया। बस्सी तहसील के दुंधली, मालीहाला और निमोरा गांवों में बुलडोजर चलाकर अवैध सड़कें, प्लॉटिंग, बाउंड्रीवाल और अन्य निर्माण जमींदोज कर दिए गए। इसके अलावा न्यू सांगानेर रोड, सोडाला स्थित गणेश विहार विस्तार में भी अवैध निर्माण हटाया गया।
यह कार्रवाई मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की भ्रष्टाचार, अतिक्रमण और अनियमितताओं के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत जेडीए आयुक्त सिद्धार्थ महाजन के निर्देश पर की गई।
उप महानिरीक्षक पुलिस आनंद शर्मा ने बताया कि दुंधली गांव में करीब 30 बीघा कृषि भूमि पर बिना जेडीए स्वीकृति और बिना भू-रूपांतरण के अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। यहां बनाई गई मिट्टी-ग्रेवल की सड़कें और अन्य निर्माण जेसीबी की सहायता से प्रारंभिक स्तर पर ही ध्वस्त कर दिए गए।
कार्रवाई के दौरान मालीहाला गांव में अलग-अलग स्थानों पर करीब 15, 6, 10 और 2 बीघा भूमि पर दोबारा बसाई जा रही अवैध कॉलोनियों को भी पूरी तरह ध्वस्त किया गया। जेडीए के अनुसार इन स्थानों पर पहले भी कार्रवाई की जा चुकी थी, लेकिन दोबारा अवैध प्लॉटिंग और सड़क निर्माण शुरू कर दिया गया था।
इसी तरह निमोरा गांव में करीब 6 बीघा भूमि पर बनाई जा रही अवैध कॉलोनी में सड़कें, प्लॉटों की बाउंड्री और अन्य निर्माण भी बुलडोजर से हटा दिए गए।
वहीं जोन-सी (05) के अंतर्गत न्यू सांगानेर रोड, सोडाला स्थित गणेश विहार विस्तार के प्लॉट नंबर-22 पर नोटिस के बावजूद अवैध निर्माण नहीं हटाने पर जेडीए ने सख्त कार्रवाई करते हुए पूरे निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
मुख्य नियंत्रक प्रवर्तन शिल्पा चौधरी के पर्यवेक्षण में हुई इस संयुक्त कार्रवाई में विभिन्न प्रवर्तन अधिकारियों, प्रवर्तन दस्ते, लेबर गार्ड, राजस्व एवं तकनीकी स्टाफ ने भाग लिया।
जेडीए ने स्पष्ट किया है कि ध्वस्तीकरण अभियान पर हुए पूरे खर्च की वसूली संबंधित अवैध कॉलोनाइजरों और निर्माणकर्ताओं से नियमानुसार की जाएगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.