मेवाड़ के प्रसिद्ध कृष्णधाम श्री सांवलिया सेठ मंदिर में श्रद्धालुओं की अटूट आस्था एक बार फिर देखने को मिली। मंदिर का मासिक भंडार (दानपेटी) सोमवार को विधिवत खोला गया। पहले ही दिन दानराशि की गिनती में 10 करोड़ 11 लाख 83 हजार रुपये के नोटों की गणना पूरी हो गई। विशाल दानराशि को देखते हुए नोटों की गिनती का कार्य अभी कई दिनों तक जारी रहेगा।
कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी के अवसर पर मंदिर मंडल अध्यक्ष, प्रशासनिक अधिकारी और ट्रस्ट सदस्यों की उपस्थिति में भगवान श्री सांवलिया सेठ की विशेष भोग आरती के बाद दानपेटियां खोली गईं। इसके बाद दानपेटियों से निकाले गए नोटों को बोरों में भरकर मंदिर परिसर स्थित सत्संग हॉल पहुंचाया गया, जहां गिनती का कार्य शुरू हुआ।
मंदिर प्रशासन के अनुसार दानराशि इतनी अधिक है कि नोटों की गिनती के लिए 150 से अधिक कर्मचारी लगाए गए हैं। कर्मचारी पूरे दिन नोटों की छंटनी, बंडल तैयार करने और मशीनों के माध्यम से गिनती का कार्य कर रहे हैं। पहले दिन केवल नोटों की गिनती का पहला चरण पूरा हो पाया है।
मंदिर प्रशासन ने बताया कि अभी सोने-चांदी के आभूषण, विदेशी मुद्राएं और अन्य बहुमूल्य चढ़ावे की गिनती बाकी है। अनुमान है कि पूरे भंडार की गणना पूरी करने में 5 से 6 दिन लग सकते हैं। इसके बाद ही कुल चढ़ावे का अंतिम आंकड़ा सामने आएगा।
श्री सांवलिया सेठ मंदिर देशभर के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु यहां दर्शन करने पहुंचते हैं और अपनी श्रद्धा अनुसार चढ़ावा अर्पित करते हैं। मंदिर में आने वाला यह विशाल चढ़ावा केवल धनराशि नहीं, बल्कि लाखों भक्तों के विश्वास, श्रद्धा और समर्पण का प्रतीक माना जाता है।
मंदिर प्रशासन के अनुसार मंगलवार से एक बार फिर नोटों और अन्य चढ़ावे की गिनती का कार्य जारी रहेगा, जिसके बाद कुल दानराशि की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.