ढाका: बांग्लादेश की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। 76 वर्षीय शहाबुद्दीन ने खराब स्वास्थ्य, विशेष रूप से ऑटोनॉमिक न्यूरोपैथी जैसी गंभीर बीमारी का हवाला देते हुए पद छोड़ने का फैसला लिया। इस बीमारी के कारण उन्हें कई बार बेहोशी आने की समस्या बताई गई है।
शहाबुद्दीन अप्रैल 2023 से बांग्लादेश के राष्ट्रपति थे और उन्हें पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना का करीबी सहयोगी माना जाता था। उनका इस्तीफा ऐसे समय आया है जब देश पहले से ही राजनीतिक उथल-पुथल के दौर से गुजर रहा है। शेख हसीना की पार्टी आवामी लीग पर प्रतिबंध लगा हुआ है और पार्टी के कई नेता जेल में हैं या भूमिगत बताए जा रहे हैं।
राष्ट्रपति के इस्तीफे के बाद संवैधानिक व्यवस्था के तहत नए राष्ट्रपति के चुनाव तक संसद के स्पीकर को कार्यवाहक राष्ट्रपति की जिम्मेदारी सौंपी गई है। हालांकि बांग्लादेश में राष्ट्रपति संवैधानिक प्रमुख होते हैं, जबकि कार्यकारी शक्तियां प्रधानमंत्री और मंत्रिमंडल के पास रहती हैं।
विश्लेषकों का मानना है कि यह इस्तीफा बांग्लादेश की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों में एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हो सकता है। आगामी राजनीतिक घटनाक्रम पर अब पूरे दक्षिण एशिया की नजरें टिकी हुई हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.