श्रीगंगानगर के युवा क्रिकेटर मानव सुथार ने अपने पहले ही भारत-अफगानिस्तान टेस्ट मैच में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन कर प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार प्राप्त किया। भारत ने इस मैच में अफगानिस्तान को पारी और 300 रन से करारी शिकस्त दी, जो भारत के टेस्ट इतिहास की सबसे बड़ी जीत है।
लेफ्ट आर्म स्पिनर मानव सुथार ने इस मैच में कुल 7 विकेट लिए। पहली पारी में उन्होंने 33 रन देकर 6 विकेट हासिल किए और अफगानिस्तान की टीम 152 रन पर सिमट गई। दूसरी पारी में 29 रन देकर 1 विकेट लिया। बल्लेबाजी में भी मानव ने उपयोगी योगदान देते हुए 28 रन बनाए, जिसमें दो चौके और दो छक्के शामिल थे।
मानव सुथार इस सदी में अपनी पहली ही पारी में 5 विकेट लेने वाले महज दूसरे भारतीय गेंदबाज बने हैं, इससे पहले यह कमाल अमित मिश्रा ने 2008 में किया था। उनकी गेंदबाजी में अश्विन जैसा टर्न और जडेजा जैसी रफ्तार देखने को मिलती है। मानव की लंबाई और ऊंचा आर्म-एक्शन उन्हें अधिक टर्न हासिल करने में सक्षम बनाता है।
इस उपलब्धि से श्रीगंगानगर में खुशी और गर्व का माहौल है। क्रिकेट प्रेमियों का मानना है कि इस युवा खिलाड़ी ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का दमदार परिचय दिया है। मानव ने वीडियो कॉल के माध्यम से अपने माता-पिता और बहन से बधाइयां स्वीकार की।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.