भारत-पाक सीमा से सटे श्रीगंगानगर जिले के रेलवे क्षेत्र में आने वाले वर्षों में बड़ी सौगात मिलने की संभावना है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 20 करोड़ रुपए की लागत से श्रीगंगानगर रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। स्टेशन को हेरिटेज लुक देने के साथ-साथ परिचालन क्षमता बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
स्टेशन पर दो नई वॉशिंग लाइनों के निर्माण का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा गया है। इसके अलावा ट्रेनों के ठहराव और संचालन को सुगम बनाने के लिए नए यार्ड की योजना भी बनाई जा रही है। वर्तमान में स्टेशन से प्रतिदिन 35 से अधिक रेलगाड़ियों का संचालन होता है और मौजूदा संसाधनों पर दबाव बढ़ रहा है। फिलहाल स्टेशन पर 24 और 26 कोच वाली ट्रेनों के लिए दो वॉशिंग लाइनें हैं, लेकिन भविष्य की जरूरतों को देखते हुए अतिरिक्त लाइनों की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार नई वॉशिंग लाइनों और यार्ड के निर्माण से ट्रेनों की साफ-सफाई और रखरखाव की क्षमता बढ़ेगी, यात्रियों को साफ-सुथरे कोच और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। प्रस्तावित यार्ड में करीब 15 लाइनों की व्यवस्था की जाएगी। बीकानेर रेल मंडल के लालगढ़, सूरतगढ़, हनुमानगढ़, हिसार और भिवानी स्टेशनों पर भी वॉशिंग लाइनों का विस्तार किया जा रहा है, जिससे मंडल में लाइनों की संख्या 7 से बढ़कर 18 तक पहुंच जाएगी।
मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल के अनुसार इन परियोजनाओं के पूरा होने से नई ट्रेनों के संचालन की संभावनाएं बढ़ेंगी, रेल सेवाएं अधिक व्यवस्थित होंगी और श्रीगंगानगर सहित पूरे क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को नई गति मिलेगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.