राजधानी जयपुर के खोह नागोरियान इलाके में हुए भीषण पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले के मुख्य आरोपी और मकान मालिक कयूम खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। कोर्ट ने उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया है, जहां अब उससे अवैध पटाखा कारोबार और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जाएगी।
कोर्ट में पेशी के दौरान आरोपी कयूम खान ने कहा कि उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि उसके मकान में इतनी बड़ी अवैध गतिविधि चल रही थी। उसने यह भी स्वीकार किया कि हादसे के बाद वह डर के कारण फरार हो गया था। इस दर्दनाक हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई थी, जिससे पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूरों को बेहद खराब परिस्थितियों में काम कराया जाता था। बिना सुरक्षा उपकरणों के बारूद और खतरनाक रसायनों के बीच मजदूरों से काम लिया जाता था। कई मजदूरों ने इसे अवैध और खतरनाक संचालन बताया है।
पुलिस ने इस मामले में अब तक 500 से अधिक घरों की तलाशी ली है और करीब 100 अवैध गोदामों को चिन्हित किया है, जिनमें से 30 से अधिक को सीज कर दिया गया है। साथ ही प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए कुछ पुलिसकर्मियों को निलंबित भी किया है।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि कयूम खान और याकूब खान का संबंध कथित लैंड स्कैम से भी जुड़ा हो सकता है, जिसमें सरकारी और विवादित जमीनों पर अवैध कब्जा कर निर्माण करने के आरोप हैं। पुलिस अब इनके वित्तीय लेन-देन और भू-माफिया नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।
फिलहाल इस मामले में दो अन्य आरोपी फिरोज और याकूब फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें दिल्ली, गाजियाबाद और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में दबिश दे रही हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.