शहरी मतदाताओं ने चुनाव में पुराने राजनीतिक समीकरणों के बजाय विकास और स्थानीय सुविधाओं को प्राथमिकता दी। सड़क, सफाई, पेयजल और स्ट्रीट लाइट जैसे बुनियादी मुद्दे मतदाताओं के लिए अहम रहे। चुनाव परिणामों से यह संदेश भी सामने आया कि जनता अब केवल राजनीतिक बयानों के बजाय जमीनी स्तर पर काम और उसकी डिलीवरी को महत्व दे रही है।
निकाय चुनावों में भाजपा के प्रदर्शन को भजनलाल सरकार के विकास मॉडल के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। शहरी क्षेत्रों में मिले जनादेश से सरकार के नेतृत्व और विकास की राजनीति को मजबूती मिलने का दावा किया जा रहा है।
भाजपा की ओर से इसे 'काम की राजनीति की जीत' और नकारात्मक राजनीति को जनता की ओर से नकारे जाने के रूप में पेश किया जा रहा है। वहीं सरकार के सामने अब इस जनादेश को विकास कार्यों और स्थानीय स्तर की समस्याओं के समाधान में बदलने की चुनौती भी रहेगी।
निकाय चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन के बाद राजस्थान के लिए एक और बड़ी सौगात की उम्मीद जताई जा रही है। किशाऊ बांध परियोजना से जुड़े जल समझौते को लेकर दिल्ली में महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है।
बताया जा रहा है कि बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। बैठक में समझौते को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय और अनुमोदन पर चर्चा हो सकती है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली जाएंगे।
किशाऊ जल समझौते के बाद यमुना बेसिन में पानी के भंडारण और उसके बेहतर नियमन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा सकेगा। इससे राजस्थान को अपने हिस्से के पानी का बेहतर उपयोग करने की क्षमता मिलने की उम्मीद है।
परियोजना का लाभ राजस्थान के उन इलाकों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां पेयजल और सिंचाई की समस्या बनी रहती है। चूरू, सीकर और झुंझुनूं समेत प्रदेश के सूखे क्षेत्रों को पेयजल और सिंचाई के लिहाज से इसका फायदा मिल सकता है।
बैठक में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान के मुख्यमंत्री शामिल होने की बात कही गई है। वहीं राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास के भी बैठक के लिए दिल्ली जाने की जानकारी सामने आई है।
निकाय चुनाव में मिले शहरी जनादेश ने भाजपा सरकार को राजनीतिक बढ़त जरूर दी है, लेकिन अब इस जनादेश को विकास कार्यों के जरिए मजबूत करने की जिम्मेदारी सरकार पर होगी। सड़क, सफाई, पानी, स्ट्रीट लाइट और अन्य शहरी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर तेजी से काम करना सरकार की प्राथमिकता में रहेगा।
किशाऊ परियोजना से जुड़े फैसले और आने वाले विकास कार्य राजस्थान के लिए कितना बड़ा बदलाव लेकर आते हैं, इस पर अब सभी की नजरें टिकी हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.