रूमेटोलॉजी OPD सप्ताह में फिलहाल सिर्फ तीन दिन—सोमवार, मंगलवार और शुक्रवार को संचालित होती है। ऐसे में मरीजों की संख्या और उपलब्ध चिकित्सकीय व्यवस्था के बीच बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है।
रूमेटोलॉजी OPD में डॉक्टर को दिखाने के लिए मरीजों की परेशानी सुबह करीब 5 बजे से ही शुरू हो जाती है। मरीज रजिस्ट्रेशन काउंटर के बाहर लाइन में लगना शुरू कर देते हैं। बताया जा रहा है कि सुबह 6 बजे तक करीब 200 मरीजों की कतार लग जाती है।
भीड़ अधिक होने के कारण कई बार धक्का-मुक्की और विवाद की स्थिति भी बन जाती है। खास बात यह है कि रजिस्ट्रेशन काउंटर सुबह 7:30 बजे पर्चियां बनाना शुरू करता है।
जानकारी के मुताबिक SMS अस्पताल के रूमेटोलॉजी विभाग में वर्तमान में तीन डॉक्टर हैं। मरीजों का आरोप है कि डॉक्टर सुबह करीब 12 बजे तक 35 से 40 मरीजों को देखने के बाद OPD से चले जाते हैं। इसके बाद बड़ी संख्या में मरीजों को इलाज के लिए इंतजार करना पड़ता है।
वहीं, अस्पताल के अन्य विभागों में भी मरीजों की संख्या काफी ज्यादा है। न्यूरोलॉजी और एंडोक्राइनोलॉजी OPD में रोजाना करीब 300 से 400 मरीज पहुंचते हैं। इसके बावजूद वहां मरीजों को OPD खत्म होने तक देखने की व्यवस्था रहती है।
SMS अस्पताल की जनरल मेडिसिन OPD में हर रोज औसतन 700 से 800 मरीजों की पर्चियां बनती हैं। वहीं ऑप्थल्मोलॉजी यानी नेत्र रोग और स्किन OPD में भी रोजाना करीब 300 से 500 मरीज पहुंचते हैं।
इन विभागों में डॉक्टर दोपहर करीब 2 बजे तक उपलब्ध रहते हैं और OPD के आखिरी समय तक मरीजों को देखते हैं। इसी व्यवस्था की तुलना रूमेटोलॉजी OPD से करते हुए मरीजों की ओर से बेहतर मैनेजमेंट की मांग की जा रही है।
SMS अस्पताल में रूमेटोलॉजी OPD वर्तमान में सप्ताह में तीन दिन ही संचालित होती है। मरीजों की भारी संख्या को देखते हुए OPD के दिनों को बढ़ाने की मांग उठ रही है, ताकि मरीजों को लंबी कतारों और इलाज के लिए इंतजार से राहत मिल सके।
मरीजों की परेशानी को देखते हुए अब SMS अस्पताल प्रशासन ने रूमेटोलॉजी OPD को सप्ताह में सातों दिन संचालित करने की तैयारी शुरू कर दी है।
SMS अस्पताल के अतिरिक्त अधीक्षक और मीडिया स्पोक्सपर्सन डॉ. प्रदीप शर्मा ने बताया कि रूमेटोलॉजी OPD में जगह कम होने और मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण उन्हें देखने में ज्यादा समय लगता है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन OPD को सप्ताह में सातों दिन संचालित करने की तैयारी कर रहा है, जिससे मरीजों को राहत मिल सके।
अब देखना होगा कि सातों दिन OPD शुरू होने के बाद रूमेटोलॉजी विभाग में मरीजों की भीड़ और इलाज के बीच का अंतर कितना कम होता है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.