जयपुर, 9 अक्टूबर। राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से 10 अक्टूबर को विश्व हॉस्पिस एवं पैलिएटिव केयर दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश के जिला चिकित्सालयों और संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को दर्द से राहत देने और उनकी बेहतर देखभाल के तरीकों की जानकारी दी जाएगी।
‘दर्द प्रबंधन’ इस वर्ष की थीम
प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि इस वर्ष दिवस की थीम ‘दर्द प्रबंधन: पैलिएटिव केयर का जरूरी हिस्सा’ रखी गई है। इसका उद्देश्य गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों को समय पर दर्द से राहत, उचित उपचार और बेहतर जीवन-गुणवत्ता उपलब्ध कराने के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
चिकित्सकों और देखभालकर्ताओं को मिलेगी जानकारी
कार्यक्रमों के तहत दर्द प्रबंधन और पैलिएटिव केयर से संबंधित कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें चिकित्सकों को मरीजों की उचित देखभाल, दर्द कम करने के उपाय और पैलिएटिव केयर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी।
इसके साथ ही मरीजों के परिजनों और देखभालकर्ताओं को भी जागरूक किया जाएगा। उन्हें मरीजों को शारीरिक और भावनात्मक सहयोग देने के महत्व के बारे में बताया जाएगा। आमजन को जागरूक करने के लिए भी विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी।
अधिकारियों को दिए प्रभावी आयोजन के निर्देश
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित अधिकारियों को जागरूकता कार्यक्रम प्रभावी ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य गंभीर रोगियों और उनके परिवारों को बेहतर देखभाल के प्रति जागरूक करना तथा स्वास्थ्य सेवाओं में पैलिएटिव केयर की भूमिका को मजबूत बनाना है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.