जयपुर, 9 अक्टूबर। राजस्थान में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए 10 अक्टूबर को प्रदेशभर में मानसिक स्वास्थ्य शपथ अभियान चलाया जाएगा। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित इस पहल का उद्देश्य लोगों को तनाव, चिंता और मानसिक परेशानियों के प्रति जागरूक करना तथा जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञों की मदद लेने के लिए प्रेरित करना है।
चिकित्सा मंत्री ने की अभियान से जुड़ने की अपील
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने प्रदेशवासियों से डिजिटल माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य की शपथ लेने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। तनाव या परेशानी के समय परिवार और दोस्तों से बात करना, एक-दूसरे को समझना और आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञ की मदद लेना जरूरी है।
मोबाइल से ले सकेंगे डिजिटल शपथ
प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि मानसिक स्वास्थ्य माह के तहत 10 सितंबर से 10 अक्टूबर तक विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आमजन मोबाइल के जरिए https://ihmslite.rajasthan.gov.in/manas लिंक पर जाकर डिजिटल शपथ ले सकते हैं। शपथ लेने के बाद प्रमाण-पत्र डाउनलोड करने की सुविधा भी उपलब्ध है।
स्कूल-कॉलेजों में भी होंगे जागरूकता कार्यक्रम
अभियान के तहत स्कूलों और कॉलेजों में रैलियां, जागरूकता सभाएं और अन्य गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। सरकारी विभागों, सामाजिक संस्थाओं, विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों को भी इससे जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
गायत्री राठौड़ ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य पर खुलकर बात करना और परेशानी से जूझ रहे व्यक्ति की बात सुनकर उसका साथ देना जरूरी है। उन्होंने मीडिया संस्थानों से भी डिजिटल शपथ का लिंक अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में सहयोग करने की अपील की।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.