डीसीपी ईस्ट रंजिता शर्मा के अनुसार, 20 जुलाई को पीड़ित वैभव सेनानी ने आदर्शनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। शिकायत के मुताबिक, रात करीब 3 बजे महिपाल सिंह अपने एक साथी के साथ चौपहिया वाहन से राजापार्क मार्केट स्थित ‘अचानक जूस’ की दुकान पर पहुंचा। आरोप है कि दोनों दुकान के अंदर घुसे और सो रहे वैभव सेनानी के सिर पर बेसबॉल बैट से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित और आरोपी के बीच पहले किसी मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर कथित तौर पर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की, लेकिन मुख्य आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा था।
आदर्शनगर थानाधिकारी छगन लाल डांगी के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने घर पोकरण आया हुआ है। इसके बाद जयपुर पुलिस ने स्थानीय पोकरण पुलिस की मदद से उसके घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने न्यायालय से आरोपी का पुलिस कस्टडी रिमांड प्राप्त किया। इसके बाद उसे राजापार्क बाजार ले जाकर घटनास्थल की तस्दीक करवाई गई। पुलिस अब आरोपी से वारदात में शामिल दूसरे व्यक्ति और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.