जोधपुर की 6 पंचायत समितियों में सरपंच-पंच चुनाव के लिए मतदान जारी, 101 साल की दाखू कंवर ने भी डाला वोट

जोधपुर। राजस्थान में पंचायती राज चुनाव के पहले चरण के तहत जोधपुर जिले की छह पंचायत समितियों में शनिवार सुबह 7 बजे से सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान जारी है। आगोलाई, शेरगढ़, बालेसर, चामू, सेखाला और चाबा पंचायत समितियों की ग्राम पंचायतों में मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना शुरू होगी और शाम से चुनाव परिणाम सामने आने लगेंगे। इस बार चुनाव बैलेट पेपर के जरिए कराए जा रहे हैं।

101 साल की दाखू कंवर ने परिवार के साथ किया मतदान

चुनाव के दौरान लोकतंत्र के प्रति उत्साह की प्रेरक तस्वीर सामने आई। चामू पंचायत समिति के नाथराऊ गांव में 101 वर्षीय दाखू कंवर अपने परिवार के साथ मतदान केंद्र पहुंचीं। परिजन उन्हें व्हीलचेयर की मदद से वोट डलवाने लेकर आए। उनकी मतदान में भागीदारी ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय रही।

मतदान केंद्रों पर लगी लंबी कतारें

जोधपुर जिले के ग्रामीण इलाकों में सुबह से ही मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे। बालेसर क्षेत्र की ग्राम पंचायत कुई जोधा और कुई इंदा में मतदान के लिए महिलाओं सहित अन्य मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। शेरगढ़ क्षेत्र में भी मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मतदान केंद्रों के बाहर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।

दाएं हाथ की तर्जनी पर लगाई जा रही स्याही

22 अक्टूबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान हो चुका है। उस दौरान मतदाताओं के बाएं हाथ की तर्जनी अंगुली पर स्याही लगाई गई थी। अब सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव में मतदाताओं के दाएं हाथ की तर्जनी अंगुली पर स्याही लगाई जा रही है।

मंगलसिंह नगर में नहीं भरा गया कोई नामांकन

सेखाला पंचायत समिति की मंगलसिंह नगर ग्राम पंचायत में चुनाव को लेकर अलग स्थिति सामने आई है। यहां गुरुवार को मतदान के बहिष्कार के बाद किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया। ऐसे में इस ग्राम पंचायत में चुनावी प्रक्रिया को लेकर स्थिति अन्य पंचायतों से अलग बनी हुई है।

कई ग्राम पंचायतों में निर्विरोध निर्वाचन

नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिले की बालेसर, आगोलाई और सेखाला पंचायत समितियों की कई ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों पर प्रत्याशियों के निर्विरोध निर्वाचित होने की जानकारी सामने आई है।

शेरगढ़ की 31 ग्राम पंचायतों के लिए 170 आवेदन आए थे। इनमें से 78 आवेदन वापस लिए गए और एक आवेदन खारिज होने के बाद 91 प्रत्याशी मैदान में बताए गए हैं। गुमानसिंह पुरान में दौलत सिंह निर्विरोध निर्वाचित हुए।

वहीं, चाबा की 33 ग्राम पंचायतों में 197 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से तीन खारिज हुए और 73 वापस लिए गए। यहां 76 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इसके अलावा भोम सागर में कमला कंवर, जसवंतगढ़ में घमाराम, जुबरकाराय में जमना, पाबूसर में हुकमाराम और संतोषनाथपुरा में अंतरा देवी के निर्विरोध निर्वाचित होने की जानकारी दी गई है।

अब सभी की नजरें मतगणना पर हैं। मतदान समाप्त होने के बाद आने वाले नतीजों से जोधपुर जिले की ग्राम पंचायतों में नए सरपंचों और वार्ड पंचों की तस्वीर साफ होगी।

Written By

DESK HP NEWS

Hp News

Related News

All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.

BREAKING NEWS
बीकानेर बनेगा निशानेबाजी का नया हब! सादुल क्लब में अंतरराष्ट्रीय शूटिंग रेंज की तैयारी, ओलंपिक स्तर की 17 मशीनें लगेंगी | हनुमानगढ़ में भीषण सड़क हादसा: स्लीपर कोच बस और टेंपो की आमने-सामने टक्कर, चालक की मौके पर मौत | कोटा में सरपंच-पंच चुनाव: 162 ग्राम पंचायतों में मतदान जारी, 1128 प्रत्याशी मैदान में; 80 साल की सूरजा बाई व्हीलचेयर पर पहुंचीं | जोधपुर की 6 पंचायत समितियों में सरपंच-पंच चुनाव के लिए मतदान जारी, 101 साल की दाखू कंवर ने भी डाला वोट | जयपुर की 212 ग्राम पंचायतों में सरपंच-पंच चुनाव के लिए मतदान जारी, देर रात तक आएंगे नतीजे | सीकर में ईदगाह चौराहे से जैन भवन तक वन-वे व्यवस्था लागू, गलत दिशा में जाने पर पंचर होगा टायर | जयपुर पंचायत चुनाव: सुबह 10 बजे तक 14.70% मतदान, 22 जिला परिषद और 146 पंचायत समिति वार्डों में वोटिंग | राजस्थान पंचायत चुनाव 2026: सुबह 10 बजे तक बीकानेर में 14.78% मतदान, कई जगह EVM में खराबी | टेलीकॉम सेक्टर में नई तकनीकों की टेस्टिंग होगी आसान, सरकार ने जारी किए नए नियम | पंचायत चुनाव के पहले चरण में EVM में खराबी, जयपुर के कालवाड़ में 45 मिनट रुका मतदान |