राजस्थान के सरकारी स्कूलों में 5 साल बाद बढ़ा नामांकन, 72.98 लाख तक पहुंची विद्यार्थियों की संख्या

जयपुर, 4 नवंबर 2026। राजस्थान में सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों का नामांकन बढ़ाने और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से कई नवाचार किए जा रहे हैं। राज्य सरकार के राजस्थान शिक्षा सेतु अभियान और स्टार टीचर पहल के सकारात्मक परिणाम सामने आने का दावा किया गया है। विभाग के अनुसार, प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में पांच साल बाद नामांकन में वृद्धि दर्ज की गई है। जुलाई 2026 तक सरकारी स्कूलों में कुल नामांकन बढ़कर 72 लाख 98 हजार 854 हो गया है।

स्कूल शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजेश यादव के निर्देशन और मॉनिटरिंग में चल रहे इन प्रयासों के तहत शिक्षकों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ शिक्षा से वंचित बच्चों को स्कूलों से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

15 शिक्षकों को मिला राजस्थान के पहले स्टार टीचर का सम्मान

सरकारी विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक परिणाम देने और नवाचारी शिक्षण पद्धतियां अपनाने वाले शिक्षकों को प्रोत्साहित करने के लिए अक्टूबर माह में 'स्टार टीचर' पहल शुरू की गई है। इसके तहत 26 अक्टूबर को जारी पहली सूची में प्रदेश के आठ सरकारी विद्यालयों के 15 शिक्षकों को राजस्थान के पहले स्टार टीचर के रूप में चयनित किया गया।

शिक्षा विभाग के अनुसार, इनमें 11 शिक्षकों का चयन मार्च 2026 के कॉम्पिटेंसी बेस्ड असेसमेंट (CBA) के परिणामों के आधार पर किया गया है। वहीं, चार शिक्षकों को कक्षा में कठिन विषयों को सरल तरीके से समझाने, शैक्षणिक खेलों और शिक्षण-अधिगम सामग्री (TLM) के रचनात्मक उपयोग के लिए चुना गया है।

चयनित शिक्षकों को शिक्षक ऐप पर डिजिटल प्रमाण पत्र दिए गए हैं। उनकी सूची शाला दर्पण पोर्टल पर भी उपलब्ध कराई गई है। विभाग अब हर महीने उत्कृष्ट शिक्षकों का चयन कर उन्हें सम्मानित करेगा।

राजस्थान शिक्षा सेतु अभियान से बच्चों को मिलेगा स्कूल में प्रवेश

शिक्षा से वंचित बच्चों को स्कूलों से जोड़ने के लिए विभाग की ओर से 'राजस्थान शिक्षा सेतु अभियान' दो चरणों में संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत प्रत्येक विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा एक शिक्षक को एक बच्चे की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। संबंधित शिक्षक बच्चे के परिवार से संपर्क कर उसका विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहे हैं।

अभियान की निगरानी शाला दर्पण पोर्टल और डैशबोर्ड के माध्यम से की जा रही है। इसके अलावा ब्लॉक मुख्य शिक्षा अधिकारी (CBEO) स्तर पर हर 15 दिन में समीक्षा और मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी (CDEO) द्वारा नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। जिला कलेक्टर भी हर महीने अभियान की प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं।

इस अभियान में बालिकाओं, विशेष आवश्यकता वाले बच्चों, प्रवासी परिवारों, बाल श्रमिकों, आदिवासी और घुमंतू समुदाय के बच्चों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

सरकारी स्कूलों में 48,358 विद्यार्थियों का नामांकन बढ़ा

शिक्षा विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, जुलाई 2026 तक प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में कुल 72,98,854 विद्यार्थियों का नामांकन दर्ज किया गया। यह वर्ष 2025-26 के 72,50,496 विद्यार्थियों के नामांकन से 48,358 अधिक है।

कुल नामांकन में 53.3 प्रतिशत बालिकाएं और 46.7 प्रतिशत बालक शामिल हैं। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक, इस वर्ष सरकारी स्कूलों में बालिकाओं का नामांकन बालकों से लगभग 4.86 लाख अधिक रहा। वर्तमान में प्रत्येक 1,000 बालकों पर 1,143 बालिकाएं नामांकित हैं।

इन जिलों में सबसे ज्यादा बढ़ा नामांकन

जिलेवार आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के कई जिलों में सरकारी विद्यालयों में नामांकन में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

  • बांसवाड़ा: 11,939 विद्यार्थियों की वृद्धि

  • उदयपुर: 9,448 विद्यार्थियों की वृद्धि

  • बाड़मेर: 5,937 विद्यार्थियों की वृद्धि

  • जालोर: 5,485 विद्यार्थियों की वृद्धि

  • सिरोही: 4,295 विद्यार्थियों की वृद्धि

वहीं, जिन जिलों में नामांकन में कमी दर्ज की गई है, वहां ड्रॉपआउट रोकने और विद्यार्थियों को स्कूलों से जोड़ने के लिए विशेष समीक्षा की जा रही है।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नामांकन बढ़ाने पर जोर

राजस्थान शिक्षा सेतु अभियान और स्टार टीचर पहल के माध्यम से शिक्षा विभाग का फोकस एक ओर स्कूलों से दूर बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा में लाने पर है, तो दूसरी ओर बेहतर शैक्षणिक परिणाम देने वाले शिक्षकों को प्रोत्साहित करने पर है। विभाग के अनुसार, इन प्रयासों से सरकारी स्कूलों में नामांकन बढ़ाने, बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन देने और शिक्षण की गुणवत्ता में सुधार लाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

Written By

DESK HP NEWS

Hp News

Related News

All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.

BREAKING NEWS
जयपुर में ऑनलाइन गेमिंग की आड़ में सट्टेबाजी का खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार; करोड़ों के लेनदेन का पता चला | राजस्थान में बढ़ने लगी सर्दी, सीकर-फतेहपुर में 12.5 डिग्री पहुंचा पारा; जयपुर में भी रातें ठंडी | राजस्थान में दिवाली पर सिर्फ 3 घंटे चला सकेंगे पटाखे, 7 और 8 नवंबर को मिलेगी छूट; सरकार ने जारी की गाइडलाइन | पहले वनडे में न्यूजीलैंड की खराब शुरुआत, 115 रन पर 6 विकेट गिरे; भारतीय गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन | श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर जोरदार ब्लास्ट, ट्रेन उड़ाने की आशंका; 4 ट्रेनें रद्द | सीकर में चोरी और लापता होने की घटनाओं से मचा हड़कंप: 16 साल की नाबालिग लापता, घर से सोने-चांदी के जेवर चोरी; 13 बकरियां और गाय भी ले गए चोर | राजस्थान के सभी स्कूलों में लगेंगे 'शुगर बोर्ड': बच्चों को चम्मच से समझाई जाएगी कोल्ड ड्रिंक, चॉकलेट और बिस्किट में चीनी की मात्रा | राजस्थान में बदला मौसम का मिजाज: दिन के तापमान में गिरावट, रात में कम हुई सर्दी; माउंट आबू सबसे ठंडा | अमेरिका के फ्लोरिडा में बड़ा विमान हादसा: रिहायशी इलाके के पास धमाके के साथ क्रैश हुआ बिजनेस जेट, 9 लोगों की मौत | जयपुर में 3 से 9 नवंबर तक स्लीपर बसों की एंट्री बंद, दिवाली पर ट्रैफिक पुलिस ने बदली व्यवस्था |