कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अपशिष्ट उत्पादन को न्यूनतम करने, संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग और सतत कार्यप्रणालियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस दौरान कर्मचारियों को कागज की अनावश्यक खपत कम करने, सिंगल यूज प्लास्टिक से बचने और ऐसी वस्तुओं के उपयोग को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया गया, जिनका दोबारा इस्तेमाल किया जा सके।
साथ ही Reduce, Reuse और Recycle (3R) यानी कम उपयोग, पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण के सिद्धांतों को दैनिक जीवन में अपनाने पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य पर्यावरण अभियंता श्री अमित शर्मा एवं अधीक्षक वैज्ञानिक अधिकारी श्री अभिषेक शर्मा ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए अपशिष्ट प्रबंधन, जिम्मेदार उपभोग और पर्यावरण अनुकूल कार्यप्रणालियों के महत्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए केवल कचरे का निस्तारण करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि शुरुआत से ही कचरे के उत्पादन को कम करना आवश्यक है। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी दैनिक आदतों में सकारात्मक बदलाव लाते हुए प्राकृतिक संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग करना चाहिए।
उन्होंने कागज एवं अन्य संसाधनों का जरूरत के अनुसार उपयोग करने, पुनः उपयोग योग्य वस्तुओं को प्राथमिकता देने और सिंगल यूज प्लास्टिक से परहेज करने जैसे छोटे प्रयासों को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम के दौरान आरएसपीसीबी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से शपथ लेकर प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, अपशिष्ट उत्पादन को कम करने तथा स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।
उल्लेखनीय है कि 1 से 7 नवंबर तक आयोजित BRICS Sustainable Lifestyle Week 2026 के दौरान प्रतिदिन अलग-अलग पर्यावरणीय विषयों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें स्वस्थ जीवनशैली, ऊर्जा संरक्षण, जल संरक्षण, सतत खाद्य प्रणालियां, पर्यावरण अनुकूल व्यवहार, ई-वेस्ट में कमी और अपशिष्ट न्यूनीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे।
आरएसपीसीबी की इन गतिविधियों का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ना और सतत जीवनशैली को लोगों के दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाना है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.