मां लक्ष्मी-गणेश की पूजा-अर्चना कर संस्थान की सुख-समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की, कर्मचारियों को मिठाई और उपहार भेंटकर दी दीपावली की शुभकामनाएं
जयपुर। दीपावली के पंचदिवसीय महोत्सव के पावन अवसर पर हिंदुस्तान पत्रिका मीडिया एंड ब्रॉडकास्टिंग समूह के कार्यालय में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास, उत्साह और पारिवारिक माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर संस्थान के सभी कर्मचारियों एवं सहयोगियों ने एक साथ मिलकर दीपोत्सव की खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। कार्यालय परिसर में मां लक्ष्मी एवं भगवान गणेश की पूजा कर सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और संस्थान की निरंतर प्रगति की कामना की गई। पूजा-अर्चना का विधिवत आयोजन पंडित कैलाश जी एवं लोकेश जी द्वारा संपन्न कराया गया।
इस अवसर पर संस्थान के मुख्य प्रबंधक एवं संपादक रमाकांत गोस्वामी ने सभी कर्मचारियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसी भी संस्थान की सफलता के पीछे उसकी पूरी टीम का सामूहिक परिश्रम, समर्पण और सहयोग होता है। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान पत्रिका मीडिया एंड ब्रॉडकास्टिंग समूह परिवार की तरह कार्य करता है और सभी सहयोगियों की मेहनत ही संस्थान की सबसे बड़ी ताकत है।
कार्यक्रम के दौरान संपादक रमाकांत गोस्वामी ने सभी कर्मचारियों को मिठाई एवं उपहार भेंट कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इससे कार्यालय में उत्सव और आत्मीयता का माहौल देखने को मिला।
गौरतलब है कि हिंदुस्तान पत्रिका मीडिया एंड ब्रॉडकास्टिंग समूह के अंतर्गत TNI आवाज़ डिजिटल न्यूज चैनल, द अनकवर्ड अपडेट हिंदी समाचार पत्र, आवाज़-ए-तसनीम
उर्दू समाचार पत्र, अर्बन वॉग लाइफस्टाइल समाचार पत्र एवं समाचार प्लस OTT सहित मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म संचालित किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर द अनकवर्ड अपडेट समाचार पत्र की प्रकाशक बुद्धिमती गोस्वामी, डिप्टी एडिटर चंचल ठाकुर, विशेष संवाददाता हरिओम सिंह, वीडियो एडिटर अजय सिंह सहित संस्थान के अन्य कर्मचारी एवं सहयोगी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और संस्थान की निरंतर उन्नति, नई उपलब्धियों तथा मीडिया जगत में नई ऊंचाइयां हासिल करने का संकल्प लिया। दीपावली का यह आयोजन केवल एक पर्व का उत्सव नहीं, बल्कि संस्थान के सभी सदस्यों के बीच आपसी विश्वास, एकजुटता और पारिवारिक संबंधों को मजबूत करने का भी अवसर बना।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.