डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण के अनुसार, विजय बाजिया जोबनेर क्षेत्र के तिबारियां गांव का रहने वाला था और जोबनेर थाने का हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ जोबनेर, कालवाड़ और करधनी थानों में कुल 15 आपराधिक मामले दर्ज थे। इनमें हत्या के दो मामले भी शामिल थे।
पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2019 में विजय ने जोबनेर इलाके में कैलाश नाम के युवक की हत्या की थी। इसी घटना के बाद से उसका दूसरे पक्ष के साथ विवाद चल रहा था। पुरानी रंजिश के चलते पिछले कई वर्षों में विजय पर तीन से चार बार हमले भी किए जा चुके थे। पुलिस जांच में सामने आया कि विरोधी गुट लंबे समय से उसकी हत्या की योजना बना रहा था।
करधनी थाना पुलिस के अनुसार, बुधवार रात करीब 8 बजे विजय बाजिया अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी से कालवाड़ से जयपुर की ओर आ रहा था। इसी दौरान कैंपर सवार बदमाशों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। खतरा भांपकर विजय ने अपनी गाड़ी रावण गेट की तरफ मोड़ ली।
इसके बाद जगदम्बा नगर कॉलोनी में बदमाशों ने कैंपर से उसकी फॉर्च्यूनर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। अपनी जान बचाने के लिए विजय गाड़ी से उतरकर भागने लगा, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा किया और लाठी-डंडों के साथ कुल्हाड़ी से सिर पर वार कर दिए।
हमले के बाद आरोपी कैंपर में सवार होकर फरार हो गए। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। करधनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में विजय को कांवटिया अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वारदात के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में जयपुर शहर और ग्रामीण क्षेत्र में ए-श्रेणी की नाकाबंदी करवाई। हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी घटनास्थल पर ही छोड़ दी गई थी।
पुलिस जांच में विजय बाजिया की आपराधिक गतिविधियों और प्रॉपर्टी विवादों से जुड़ी कई जानकारियां सामने आई हैं। बताया जा रहा है कि वह प्रॉपर्टी खाली करवाने और कब्जे को लेकर अक्सर विवादों में रहता था। आरोप है कि वह लोगों को धमकी देते हुए कहता था कि वह दो हत्याएं कर चुका है और तीसरी भी कर सकता है।
उसकी गाड़ी का नंबर भी 0302 था, जिसे वह हत्या की धारा 302 से जोड़कर लोगों के सामने दिखाता था।
हत्या का शिकार हुआ विजय बाजिया राजनीति में भी अपनी पहचान बनाना चाहता था। उसने हाल ही में खेजड़ावास ग्राम पंचायत से सरपंच का चुनाव लड़ने की तैयारी शुरू की थी। इसके लिए उसने इलाके में पोस्टर भी लगवाए थे।
हालांकि, उसकी आपराधिक छवि और दर्ज मुकदमों के चलते उसकी उम्मीदवारी को लेकर अड़चनें सामने आईं। बताया गया कि गांव के लोगों ने भी उसे चुनाव मैदान में उतरने से रोक दिया था।
फिलहाल पुलिस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद हत्या के पीछे की पूरी साजिश, पुरानी रंजिश और अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.