बालिका सैनिक विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण के लिए 65.24 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बजट प्रस्ताव

जयपुर, 25 अगस्त। राजस्थान सरकार प्रदेश में बालिका शिक्षा को मजबूत करने और बालिकाओं को सैन्य सेवाओं के अनुरूप तैयार करने के लिए बालिका सैनिक विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण पर जोर दे रही है। मंगलवार को शासन सचिवालय में स्कूल शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजेश कुमार यादव की अध्यक्षता में संभाग स्तर पर संचालित बालिका सैनिक विद्यालयों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में पूज्या रामीदेवी रामनारायण राठी राजकीय बालिका सैनिक विद्यालय, जयमलसर (बीकानेर) और महाराव शेखाजी राजकीय बालिका सैनिक विद्यालय, मोहनपुरा (सीकर) की स्थापना, आधारभूत ढांचे और संचालन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।

65.24 करोड़ रुपये का संशोधित बजट प्रस्ताव

अतिरिक्त मुख्य सचिव ने दोनों विद्यालयों को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV) मॉडल के स्थान पर झुंझुनूं और चित्तौड़गढ़ सैनिक विद्यालयों की तर्ज पर विकसित करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए निदेशक, माध्यमिक शिक्षा को आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया है।

विद्यालयों में आधुनिक छात्रावास, बेहतर शिक्षण व्यवस्था और उच्चस्तरीय खेल सुविधाओं के विकास के लिए 6523.96 लाख रुपये यानी करीब 65.24 करोड़ रुपये का संशोधित अतिरिक्त बजट प्रस्ताव तैयार किया गया है।

इसमें निर्माण एवं आधारभूत सुविधाओं के लिए 6279.16 लाख रुपये, आवश्यक सामग्री और आधुनिक ICT उपकरणों के लिए 244.80 लाख रुपये तथा भोजन एवं दैनिक व्यवस्थाओं के लिए 127.08 लाख रुपये का प्रावधान प्रस्तावित है।

आधुनिक भवन और छात्रावास होंगे तैयार

वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2028-29 के दौरान दोनों विद्यालयों में लाइब्रेरी, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान प्रयोगशालाएं, कैंटीन, पार्किंग तथा ऑडिटोरियम विकसित किए जाएंगे। बीकानेर में अकादमिक ब्लॉक, एप्रोच रोड और टॉयलेट ब्लॉक का भी निर्माण प्रस्तावित है।

दोनों विद्यालय परिसरों में तारबंदी और बाउंड्रीवॉल के साथ चार-चार बालिकाओं की क्षमता वाले नए हॉस्टल बनाए जाएंगे। बीकानेर में स्टाफ क्वार्टर बनाने का भी प्रस्ताव है।

आधुनिक ICT सुविधाओं से लैस होंगे विद्यालय

विद्यालयों में आधुनिक शिक्षण व्यवस्था के लिए 244.80 लाख रुपये का प्रावधान प्रस्तावित किया गया है। इसके तहत कंप्यूटर सेट, प्रिंटर, UPS, 2,000 पुस्तकें, प्रयोगशाला उपकरण और स्मार्ट कक्षाओं के लिए इंटरएक्टिव फ्लैट पैनल डिस्प्ले खरीदे जाएंगे।

इसके अलावा 75 इंच के 4 और 85 इंच के 2 डिस्प्ले, 5 स्मार्ट बोर्ड, लैंडलाइन फोन, 5 वाटर कूलर और खेल सामग्री उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है। बीकानेर विद्यालय में 32 CCTV कैमरा सेट और 100 गद्दों सहित अन्य आवश्यक सामग्री की व्यवस्था भी की जाएगी।

बीकानेर में बनेगा आधुनिक खेल परिसर

बीकानेर स्थित बालिका सैनिक विद्यालय में बालिकाओं को उच्चस्तरीय खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मल्टीपर्पज इनडोर गेम हॉल, वॉलीबॉल ग्राउंड, तीरंदाजी मैदान, खो-खो ग्राउंड, सिंथेटिक बास्केटबॉल कोर्ट, सिंथेटिक ट्रैक और सिंथेटिक हॉकी एवं फुटबॉल ग्राउंड विकसित किए जाएंगे।

हॉकी और फुटबॉल सहित प्रस्तावित खेल मैदानों में ग्रीन टर्फ लगाने का भी प्रावधान किया गया है।

भोजन और दैनिक व्यवस्थाओं के लिए भी बजट

दोनों विद्यालयों में प्रति विद्यालय 80 बालिकाओं की क्षमता के आधार पर 10 माह के लिए 127.08 लाख रुपये का बजट प्रस्तावित है। इसके तहत आउटसोर्सिंग के माध्यम से भोजन, सफाई कर्मचारी, वॉशरमैन और वैन/वाहन की व्यवस्था की जाएगी।

सरकार का उद्देश्य इन विद्यालयों में बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आधुनिक आवासीय, तकनीकी और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें भविष्य में सैन्य एवं अन्य प्रतिस्पर्धी सेवाओं के लिए बेहतर तरीके से तैयार करना है।

बैठक में स्कूल शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वित्त, PHED, ऊर्जा, पंचायतीराज, JVVNL और RSRDC के अधिकारी भी मौजूद रहे।

Written By

DESK HP NEWS

Hp News

Related News

All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.

BREAKING NEWS
राजस्थान संपर्क पोर्टल का मुख्य सचिव ने किया निरीक्षण, किसानों की शिकायतों के जल्द निस्तारण के निर्देश | Kolkata Stampede: कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ से 17 लोगों की मौत, 25 लाख रुपये मुआवजे का ऐलान | ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के बाहर भीषण हादसा: ट्रक ने श्रद्धालुओं को कुचला, 15 की मौत और 26 घायल | कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़: 19 लोगों की मौत, आयोजकों समेत 7 गिरफ्तार; मृतकों में छात्रा और नर्स भी शामिल | खेलो राजस्थान: दिसंबर से शुरू होगा पहला चरण, 12 खेलों में दिखेगा खिलाड़ियों का दम; ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू | नवरात्रि का आठवां दिन आज: मां महागौरी की पूजा से जुड़ी मान्यताएं, जानें मंत्र, भोग और पूजा विधि | कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, ट्रैवलर नाले में गिरा; 8 लोगों की मौत, 17 घायल | राजस्थान में मौसम का बदला मिजाज, 7 जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी | जोधपुर: लोहावट में बोरवेल में गिरा मासूम, SDRF के बाद NDRF की टीम भी रेस्क्यू में जुटी | जयपुर में रोजगार शिविर: 366 युवाओं को मिला रोजगार, 28 का प्रशिक्षण के लिए चयन |