मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का रोड शो बुधवार दोपहर सांगानेरी गेट से शुरू हुआ। इसके बाद मुख्यमंत्री जौहरी बाजार और बड़ी चौपड़ होते हुए त्रिपोलिया गेट पहुंचे, जहां रोड शो का समापन हुआ। खुली जीप में निकले मुख्यमंत्री के साथ भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं राजस्थान निकाय चुनाव प्रभारी हरीश द्विवेदी, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, जयपुर सांसद मंजू शर्मा और विधायक बालमुकुंद आचार्य भी मौजूद रहे।
रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 'लव जिहाद' का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने जयपुर समेत पूरे राजस्थान में 'लव जिहाद' की समस्या को खत्म करने की दिशा में काम किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा, "लव जिहाद नहीं चलेगा। हमने धर्मांतरण विरोधी कानून लाकर इसका स्थायी समाधान कर लिया है।" निकाय चुनाव प्रचार के अंतिम दिन मुख्यमंत्री की ओर से इस मुद्दे को उठाए जाने को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने अपने ढाई साल के कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण काम किए हैं, जिससे कांग्रेस को परेशानी होने लगी है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर भी निशाना साधा और कहा कि भाजपा सरकार पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस नेताओं को अपने कार्यकाल पर भी नजर डालनी चाहिए।
भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुए पेपर लीक का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं ने प्रदेश के कई बेरोजगार युवाओं के सपनों को तोड़ने का काम किया। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि निकाय चुनाव में जनता कांग्रेस के आरोपों का जवाब देगी।
इधर, निकाय चुनाव प्रचार के अंतिम दिन पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अपने गृह नगर जोधपुर पहुंचे। यहां उन्होंने निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस के पक्ष में माहौल होने का दावा किया और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के लगातार चुनाव प्रचार करने पर तंज कसा।
गहलोत ने कहा कि पूरे प्रदेश में कांग्रेस का माहौल बन चुका है। उन्होंने कहा कि इतिहास में पहली बार ऐसा देखने को मिल रहा है कि कोई मुख्यमंत्री निकाय चुनाव के लिए पूरे प्रदेश में घूम रहा है।
गहलोत ने कहा, "आप सिंबॉलिक मीटिंग कर लो, वो अलग बात है, लेकिन आप पूरे प्रदेश में घूम रहे हो। मेरा यह मानना है कि मुख्यमंत्री भले ही कितना घूम लें, जनता माहौल बना चुकी है।"
राजस्थान में निकाय चुनाव के पहले चरण का मतदान बुधवार को हुआ, जबकि दूसरे चरण के लिए प्रचार का अंतिम दिन भी इसी दिन रहा। प्रचार के आखिरी दौर में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों के नेताओं ने पूरी ताकत झोंकी।
एक ओर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सरकार के कामकाज और कांग्रेस के खिलाफ मुद्दों को चुनावी मैदान में प्रमुखता से उठाया, वहीं कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ माहौल बनने का दावा किया। अब दूसरे चरण के मतदान में दोनों दलों के इन दावों का कितना असर दिखाई देता है, यह चुनाव परिणाम के बाद साफ होगा।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.