हनुमानगढ़ में ईवीएम में तकनीकी खराबी के चलते दो बूथों पर कुछ समय के लिए मतदान रुक गया। वार्ड 47 के बूथ संख्या 102 पर ईवीएम में तकनीकी दिक्कत सामने आई।
ज्वाला सिंह वाला के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में मशीन खराब होने के कारण करीब 35 मिनट तक मतदान प्रभावित रहा। वहीं, जंक्शन स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में भी ईवीएम की तकनीकी समस्या के चलते करीब 30 मिनट तक मतदान रुका।
मशीन दुरुस्त होने के बाद दोनों जगहों पर दोबारा मतदान शुरू कराया गया।
कुम्हेर में नगर निकाय चुनाव के दौरान बूथ नंबर 4 पर ईवीएम खराब होने से मतदान समय पर शुरू नहीं हो सका। सुबह करीब 7:50 बजे सेक्टर मजिस्ट्रेट के EVM लेकर पहुंचने के बाद मतदान शुरू कराया गया।
वहीं, बूथ नंबर 19 और 20 पर दिव्यांग मतदाताओं को व्हीलचेयर की व्यवस्था नहीं होने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा।
चूरू जिले के सरदारशहर में वार्ड 34 के भाग संख्या 1 में ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण मतदान शुरू नहीं हो सका। मतदान केंद्र के बाहर मतदाताओं की लंबी कतार लग गई।
समस्या के बाद बूथ पर दूसरी EVM मशीन मंगवाई गई, जिसके बाद मतदान प्रक्रिया शुरू कराने की तैयारी की गई।
बाड़ी में सभी मतदान केंद्रों पर मतदान शुरू हो गया। हालांकि, एक-दो मतदान केंद्रों पर ईवीएम में तकनीकी परेशानी सामने आई। मौके पर पहुंचे टेक्निकल इंजीनियरों ने मशीनों को तुरंत दुरुस्त कर दिया।
एसडीएम अमित वर्मा के मुताबिक, फिलहाल बाड़ी में मतदान शांतिपूर्वक चल रहा है।
राजस्थान के कई जिलों में ईवीएम की तकनीकी खराबी के चलते मतदान प्रक्रिया कुछ समय के लिए प्रभावित हुई। हालांकि, प्रशासन की ओर से तकनीकी टीमों की मदद से मशीनों को दुरुस्त कराकर मतदान दोबारा शुरू कराया गया।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.