वार्ड नंबर 114 के केसरियों की धर्मशाला में बनाए गए मतदान केंद्र पर सुबह-सुबह प्रत्याशियों के बीच विवाद हो गया। एक निर्दलीय प्रत्याशी ने कांग्रेस प्रत्याशी को बूथ के अंदर से बाहर करने की मांग की। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया।
वार्ड नंबर 26 के मंगलम सिटी गवर्नमेंट स्कूल स्थित मतदान केंद्र पर कांग्रेस के एजेंट के नहीं बैठने को लेकर विवाद हो गया। कांग्रेस प्रत्याशी ने मतदान केंद्र पर हंगामा करते हुए कर्मचारियों पर सरकार से मिलीभगत के आरोप लगाए।
वार्ड नंबर 113 के कांवटिया का खुर्रा स्थित अग्रवाल धर्मशाला में बनाए गए मतदान केंद्र पर EVM मशीन खराब होने के बाद मतदाताओं में नाराजगी देखने को मिली। मशीन में तकनीकी खराबी के चलते मतदान प्रभावित हुआ, जिसके बाद लोगों ने हंगामा किया।
चुनाव शुरू होने से पहले मॉकपोल के दौरान भी वार्ड 149, 150 और 116 से 132 तक कई बूथों पर EVM में तकनीकी खराबी की शिकायतें सामने आई थीं।
वार्ड नंबर 27 में भाजपा प्रत्याशी का एक अलग अंदाज देखने को मिला। यहां प्रत्याशी अपने पक्ष में वोट की अपील करते हुए एक बुजुर्ग मतदाता के पैर पकड़ते नजर आए। इसका वीडियो भी चर्चा में है।
डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने वार्ड 141 स्थित पेंशन कार्यालय के बूथ नंबर 10 पर मतदान किया। वोट डालने के बाद उन्होंने राजस्थान के अलग-अलग शहरों में मतदान कर रहे लोगों से अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि जहां-जहां नगर निकाय के लिए मतदान हो रहा है, वहां के मतदाता मतदान केंद्र पर पहुंचकर जरूर वोट करें।
खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने भी मतदान किया। उन्होंने कहा कि हर चुनाव की तरह नगर निकाय चुनाव भी बेहद अहम है। उन्होंने कहा कि सरकार का पैसा धरातल तक पहुंच रहा है और स्थानीय स्तर पर लोगों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने में पार्षद की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
कांग्रेस के बड़े नेताओं की ओर से सड़क और स्थानीय मुद्दों पर की गई टिप्पणियों को लेकर राठौड़ ने कहा कि जनता ही बड़े नेता बनाती है। उन्होंने कहा कि इन कॉलोनियों में रहने वाले लोगों की बुनियादी जरूरतें महत्वपूर्ण हैं।
जयपुर में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, डिप्टी सीएम दीया कुमारी, खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, राज्यसभा सांसद सतीश पूनिया समेत कई नेताओं ने मतदान किया और लोगों से अधिक से अधिक संख्या में वोट करने की अपील की।
फिलहाल जयपुर के अलग-अलग मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है। प्रशासन की टीमें EVM से जुड़ी तकनीकी समस्याओं और बूथों पर सामने आ रहे विवादों पर नजर बनाए हुए हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.