जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस ने 49 में से 36 सीटें जीतकर बढ़त हासिल की। 2020 के चुनाव में भाजपा ने 43.29% वोट शेयर के साथ 39 में से 20 सीटें जीती थीं। इस बार कांग्रेस ने 5 लाख 27 वोट हासिल किए, जबकि भाजपा को 4 लाख 38 हजार 864 वोट मिले।
2020 के चुनाव में कांग्रेस को 4 लाख 6 हजार 291 वोट मिले थे और वह भाजपा से 10 हजार 426 वोट पीछे रही थी। इस बार कांग्रेस ने अपने खाते में 93 हजार 736 वोट जोड़े और कुल आंकड़ा 5 लाख 27 तक पहुंच गया। वोट शेयर में 5.47 प्रतिशत की बढ़ोतरी ने पार्टी को बढ़त दिलाई।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का गृहजिला होने के कारण पार्टी के कार्यकर्ता एकजुट नजर आए। रिपोर्ट के मुताबिक, जिले के आठों विधानसभा क्षेत्रों में स्थानीय विधायकों या विधानसभा चुनाव प्रत्याशियों ने मिलकर रणनीति बनाई।
भाजपा के कुल वोटों में 2020 के मुकाबले 21 हजार 883 की बढ़ोतरी हुई, लेकिन कुल मतदान बढ़ने के अनुपात में पार्टी का वोट शेयर घट गया। 2020 में भाजपा का वोट शेयर 43.29% था, जो इस बार 41.82% रह गया।
दोनों प्रमुख दलों के बीच मुकाबले में भी बड़ा बदलाव आया। 2020 में भाजपा कांग्रेस से 1.09 प्रतिशत वोट शेयर आगे थी। इस बार कांग्रेस ने भाजपा पर 5.85 प्रतिशत वोट शेयर की बढ़त बना ली।
हनुमान बेनीवाल की पार्टी RLP ने भी सीकर के ग्रामीण इलाकों में अपनी मौजूदगी मजबूत की। पार्टी को 2020 में 25 हजार 27 वोट मिले थे, जबकि इस बार यह आंकड़ा बढ़कर 51 हजार 733 हो गया। RLP का वोट शेयर 4.93% रहा।
निर्दलीय प्रत्याशियों के वोटों में भी पिछले पंचायत चुनाव के मुकाबले बढ़ोतरी दर्ज की गई।
सीकर जिले में 16 हजार 900 मतदाताओं ने NOTA का विकल्प चुना। यह कुल मतदान का 1.61 प्रतिशत है। यानी इतने मतदाताओं ने चुनाव मैदान में उतरे किसी भी उम्मीदवार को अपना वोट नहीं दिया।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.