अस्पताल प्रशासन से मिली रिपोर्ट के मुताबिक, अप्रैल 2025 से अक्टूबर 2026 तक एसएमएस हॉस्पिटल की ओपीडी में कुल 40 लाख 13 हजार मरीज आए। इनमें से 32.47 लाख से अधिक मरीजों का आभा कार्ड बनाकर उनका डेटा पोर्टल पर अपलोड किया गया है।
वहीं, पिछले डेढ़ साल में अस्पताल में भर्ती हुए 2.50 लाख से अधिक मरीजों में से 1.59 लाख से ज्यादा मरीजों का पूरा मेडिकल रिकॉर्ड ऑनलाइन किया गया है। इसमें मरीज की बीमारी, उसे दिया गया उपचार और की गई जांचों की रिपोर्ट शामिल है।
एसएमएस हॉस्पिटल के अतिरिक्त अधीक्षक और आभा के नोडल ऑफिसर डॉ. प्रदीप शर्मा ने बताया कि अस्पताल में राजस्थान के अलावा दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए आते हैं। केंद्र सरकार का उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति की बीमारी से जुड़ा डेटा ऑनलाइन उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि यदि कोई मरीज भविष्य में किसी दूसरी बीमारी के इलाज के लिए अस्पताल आता है या दूसरे शहर अथवा राज्य में उपचार करवाता है, तो डॉक्टर आभा पोर्टल के जरिए उसकी पुरानी मेडिकल हिस्ट्री देख सकेंगे। इससे मरीज के पास पुरानी रिपोर्ट नहीं होने पर भी डॉक्टर को उसके पिछले इलाज की जानकारी मिल सकेगी।
डॉ. प्रदीप शर्मा के मुताबिक, एसएमएस हॉस्पिटल में इस समय रोजाना औसतन 8 हजार मरीज ओपीडी में आ रहे हैं। इनमें से 80 फीसदी से अधिक मरीजों का आभा पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है।
अस्पताल में बने रजिस्ट्रेशन काउंटर पर भी आभा रजिस्ट्रेशन की सुविधा शुरू कर दी गई है। राजस्थान के साथ दूसरे प्रदेशों से आने वाले मरीज भी यहां अपना आभा कार्ड बनवा सकते हैं।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, जिन मरीजों का आभा में रजिस्ट्रेशन नहीं है, उनका ओपीडी पर्ची बनाने से पहले पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है। इसके बाद ही उनकी ओपीडी पर्ची बनाई जा रही है।
आभा पोर्टल पर मरीजों का रिकॉर्ड ऑनलाइन होने से भविष्य में इलाज के दौरान पुरानी बीमारी, जांच और उपचार की जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सकेगी। इससे मरीजों को बार-बार पुराने दस्तावेज साथ लेकर आने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.