नई दिल्ली, 26 नवंबर। संविधान दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष, खासकर कांग्रेस, पर निशाना साधा। अपने लेख में उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी ओबीसी आरक्षण में कटौती कर मुसलमानों को आरक्षण देना चाहती है। प्रधानमंत्री ने लेख में कांग्रेस का नाम नहीं लिया, लेकिन उनका इशारा उसी की ओर माना जा रहा है।
पीएम मोदी ने संविधान दिवस पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए संविधान की अहमियत पर बात की। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने एक दशक पहले 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया था। लेख में उन्होंने संविधान संशोधनों का जिक्र करते हुए जीएसटी और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों (EWS) के लिए 10 फीसदी आरक्षण का उल्लेख किया।
प्रधानमंत्री ने अपने लेख में लिखा, “ये बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी ओबीसी आरक्षण में कटौती करके मुसलमानों को आरक्षण देना चाहती है। हमारे संविधान निर्माता, खासकर डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर, इसके पूरी तरह खिलाफ थे।”
मौजूदा व्यवस्था के तहत केंद्र सरकार की नौकरियों और शिक्षण संस्थानों में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए 27 फीसदी आरक्षण का प्रावधान है।
पीएम मोदी ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी विपक्ष की आलोचना की। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माण में महिलाओं की भूमिका अहम रही है, लेकिन विधायी संस्थाओं में महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने के उद्देश्य से लाए गए विधेयक को विपक्ष के एक प्रमुख दल ने पारित नहीं होने दिया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि महिलाओं को न्याय दिलाने के संकल्प को कोई ताकत रोक नहीं सकती।
अपने लेख में पीएम मोदी ने कहा कि संवैधानिक लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका स्पष्ट है, लेकिन आज विपक्ष विरोध पक्ष से ज्यादा “अवरोध पक्ष” बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में बाधा डालना संवैधानिक जिम्मेदारियां निभाने का विकल्प नहीं हो सकता।
प्रधानमंत्री ने नक्सलवाद का जिक्र करते हुए कहा कि दशकों तक नक्सलियों ने कई क्षेत्रों, खासकर आदिवासी इलाकों में, लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों से वंचित रखा। उन्होंने नक्सलवाद के खात्मे पर संतोष जताया और कहा कि अब गरीब से गरीब व्यक्ति भी बिना भय अपने अधिकारों का इस्तेमाल कर सकता है।
पीएम मोदी ने कहा कि हथियारबंद नक्सलियों के बाद अब “दिमागी नक्सली” बचे हैं, जो देश की विकास यात्रा को बाधित करने की कोशिश कर रहे हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.