22 गोदाम-बी2 बाइपास सड़क चौड़ीकरण में रेलवे जमीन की होगी जांच

जयपुर। 22 गोदाम से बी-2 बाइपास तक सड़क चौड़ीकरण की योजना में रेलवे की जमीन की सीमा की भी जांच होगी। यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने गुरुवार को जेडीए अधिकारियों को वर्ष 1925 और 1952 से 1955 के सेटलमेंट रिकॉर्ड जुटाकर मौजूदा स्थिति से मिलान करने के निर्देश दिए हैं।

मंत्री ने कहा कि रेलवे को रिकॉर्ड में जितनी जमीन आवंटित या अधिग्रहित की गई थी, उससे अधिक क्षेत्र में कब्जा मिलने पर अतिक्रमण दर्ज कर नियमानुसार नोटिस जारी किया जाएगा। रेलवे अपने पक्ष में दस्तावेज पेश कर सकता है। जेडीए उनकी वैधानिकता की जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय करेगा।

तीन हिस्सों में अलग-अलग चौड़ाई की सड़क

जेडीए ने 22 गोदाम से बी-2 बाइपास तक सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी है। पीडब्ल्यूडी पुलिया से बी-2 बाइपास क्षेत्र के निरीक्षण में करीब 64 निर्माण सड़क सीमा में चिह्नित किए गए हैं। इन पर लाल निशान लगाए गए हैं। कुछ स्थानों पर 8 फीट तो कुछ जगह 14 फीट तक का हिस्सा सड़क सीमा में आ रहा है।

जोनल प्लान के अनुसार सड़क को तीन हिस्सों में विकसित किया जाएगा। 22 गोदाम से महेश नगर फाटक तक 2.7 किलोमीटर सड़क 40 फीट चौड़ी होगी। महेश नगर फाटक से गोपालपुरा बाइपास पुलिया तक 1.9 किलोमीटर सड़क की चौड़ाई 60 फीट और गोपालपुरा बाइपास पुलिया से बी-2 बाइपास तक 2.9 किलोमीटर सड़क 80 फीट चौड़ी होगी।

मास्टर प्लान में पहले पूरे रास्ते की चौड़ाई 100 फीट प्रस्तावित थी, लेकिन बाद में जोनल प्लान में तीन हिस्सों की अलग-अलग चौड़ाई तय की गई।

रिकॉर्ड और मौके की नाप का होगा मिलान

मंत्री खर्रा ने निर्देश दिए कि सड़क चौड़ीकरण से जुड़ी आगामी कार्रवाई से पहले रेलवे की जमीन के दस्तावेजों की जांच की जाए। पुराने रिकॉर्ड में रेलवे को आवंटित या अधिग्रहित जमीन की चौड़ाई और क्षेत्रफल का पता लगाया जाएगा। दोनों सेटलमेंट रिकॉर्ड का तुलनात्मक अध्ययन करने के बाद मौके पर नाप कराई जाएगी।

रिकॉर्ड और वर्तमान स्थिति में अंतर मिलने तथा आवंटित सीमा से अधिक जमीन पर रेलवे का कब्जा पाए जाने पर संबंधित हिस्से को अतिक्रमण के रूप में दर्ज कर जेडीए नियमों के तहत नोटिस जारी करेगा। रेलवे जमीन से जुड़े साक्ष्य और दस्तावेज प्रस्तुत कर सकता है। जेडीए उनकी वैधानिकता की जांच करेगा।

मंत्री ने कहा कि पुराने समय में जमीन के आवंटन या सीमांकन में गलती सामने आने पर उस दौर के अधिकारियों से भी बात की जाएगी। जिम्मेदारी तय होने पर संबंधित पहलुओं पर विचार किया जाएगा। कार्रवाई वास्तविक स्थिति और तथ्यों के आधार पर होगी।

टोंक रोड पर ट्रैफिक का दबाव घटने की उम्मीद

सड़क चौड़ीकरण पूरा होने पर बी-2 बाइपास से 22 गोदाम तक सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। अभी वाहन चालकों को टोंक रोड के रास्ते लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। नया रास्ता विकसित होने से वैकल्पिक मार्ग मिलेगा और टोंक रोड पर ट्रैफिक का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।

Written By

DESK HP NEWS

Hp News

Related News

All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.

BREAKING NEWS
कोटा में खड़े ट्रक से टकराई क्रूजर, एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत; 8 घायल | उदयपुर में खड़े ट्रेलर में पीछे से घुसी तेज रफ्तार कार, तीन युवक घायल; कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त | सीकर में दुकान से सामान लेने गई 20 वर्षीय युवती लापता, पिता ने युवक पर भगाकर ले जाने का जताया शक | जोधपुर में कल से आंधी-बारिश का यलो अलर्ट, अगले सप्ताह से बढ़ेगी सर्दी; तापमान में भी गिरावट | जयपुर में हॉर्न बजाने पर युवक से मारपीट, बाल पकड़कर कार से बाहर निकाला; मुक्के मारकर तोड़ा दांत | उत्तर भारत में मौसम का बदला मिजाज: यूपी के 20 जिलों में कोहरा, दिल्ली में AQI 478; राजस्थान में आंधी-बारिश का अलर्ट | सीकर में सोशल मीडिया फ्रेंड पर 39 वर्षीय महिला से रेप का आरोप, नाबालिग बेटी से भी छेड़छाड़; घर से सामान चोरी करने का भी दावा | जोधपुर में नाबालिग भतीजियों से छेड़छाड़ का विरोध करना पड़ा भारी, चाचा पर हमला; डंपर से कुचलने की कोशिश, हवाई फायरिंग से फैलाई दहशत | जयपुर में हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की सवा मिनट में हत्या, कुल्हाड़ी से सिर पर किया वार; 7 साल पुरानी रंजिश में मर्डर, सरपंच का चुनाव लड़ना चाहता था | मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने BSF की महिला जवानों संग मनाई भाई दूज, तनोट माता मंदिर में किए दर्शन |