जयपुर | राजस्थान पुलिस की साइबर क्राइम शाखा ने शेयर बाजार में निवेश और ट्रेडिंग के नाम पर देशभर में करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस नेटवर्क के मुख्य सरगना युवराज सतीश मुदलियार (35) को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह ने केवल एक व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से ही देशभर के लोगों से करीब 500 करोड़ रुपये की साइबर ठगी को अंजाम दिया।
एडीजी (साइबर क्राइम) विजय कुमार सिंह ने बताया कि मामले की शुरुआत तब हुई जब परिवादी सेंधाराम चौधरी ने 16 लाख रुपये की साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, उन्हें "105 Indian Stocks Advance" नामक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया, जहां शेयर बाजार में निवेश और ट्रेडिंग के जरिए भारी मुनाफा कमाने का लालच दिया गया। गिरोह ने शुरुआत में छोटे निवेश पर लाभ देकर उनका विश्वास जीता, लेकिन बाद में बड़ी रकम निवेश करवाकर संपर्क तोड़ दिया और पूरी राशि हड़प ली।
पुलिस की तकनीकी टीम ने व्हाट्सएप ग्रुप की चैट, डिजिटल डेटा और वित्तीय लेनदेन का गहन विश्लेषण किया, जिसमें खुलासा हुआ कि इसी एक ग्रुप के जरिए देशभर में लगभग 500 करोड़ रुपये की ठगी की गई है। जांच के आधार पर मुख्य आरोपी को पुणे से गिरफ्तार कर जयपुर लाया गया, जहां उससे गिरोह के अन्य सदस्यों, बैंक खातों और पूरे नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है।
राजस्थान पुलिस का मानना है कि इस गिरोह के कई और सदस्य जल्द गिरफ्तार हो सकते हैं। साथ ही आशंका है कि देश के विभिन्न राज्यों से इस मामले में और भी पीड़ित सामने आ सकते हैं। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया या व्हाट्सएप पर मिलने वाले निवेश और ट्रेडिंग के लालच में बिना सत्यापन के किसी भी प्लेटफॉर्म पर पैसा निवेश न करें।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.