केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और शेरगढ़ विधायक बाबू सिंह के बीच अदावत बढ़ती जा रही है। दोनों के बीच अब तकरार इतनी बढ़ गई है कि विधायक ने संजीवनी मुद्दे पर शेखावत पर निशाना साधते हुए कहा- लोगों के पैसे डूब गए और जब लोग मदद के लिए शेखावत के पास गए तो वो भी नहीं की।
दरअसल, गुरुवार को शेखावत शेरगढ़ विधानसभा दौरे पर थे। इसी दौरान शाम करीब 7 बजे चामू थाना के भालू रतनगढ़ में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध में नारे लगाए तो पुलिस ने मामला दर्ज किया और देर रात 2 बजे कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। इधर, जब बाबू सिंह राठौड़ को इसके बारे में पता चला तो वे थाने पहुंचे और धरने पर बैठ गए। धरना शुक्रवार सुबह 7 बजे दोबारा शुरू हुआ। आखिर एसपी ग्रामीण धर्मेंद्र यादव की समझाइश के बाद दोपहर 2 बजे धरना समाप्त किया।
केंद्रीय मंत्री के विरोध से शुरू हुआ विवाद, हिरासत के बाद बढ़ा मामला:
दरअसल, पूरा मामला गुरुवार शाम को शुरू हुआ था। केंद्रीय मंत्री शेखावत एम्बुलेंस का लोकार्पण करने शेरगढ़ आए थे। यहां से वे भालू लक्ष्मणगढ़ पहुंचे तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध में नारे लगाना शुरू कर दिया। विरोध को बढ़ता देख शेखावत अंबेडकर चौराहे, भूंगरा गांव से होते हुए मल्लीनाथ सर्किल पहुंचे तो यहां भी नारेबाजी हुई और काला झंडे दिखाए गए।
इसके बाद वे भालू लक्षमणगढ़ पंचायत में एनीकट का लोकार्पण करने पहुंचे और जैसे ही भाषण शुरू किया वहां मौजूद लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी। इस पर कार्यक्रम में मौजूद पुलिस अधिकारियों ने समझाइश की लेकिन इसके बाद चामू थाना अधिकारी की ओर से नामजद 6 से ज्यादा लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया।
सुबह धरने पर बैठे विधायक, समझाइश के बाद माने:
इधर, मामला बढ़ता देख विधायक शुक्रवार सुबह एक बार फिर थाने पहुंचे और समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए। इस दौरान उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए संजीवनी सोसायटी को लेकर केंद्रीय मंत्री पर जमकर निशाना साधा। वे बोले- संजीवनी के मामले में कई लोगों ने अपनी जिंदगी की कमाई गंवा दी।
सरपंच को पकड़ने पर हुआ हंगामा, पुलिस से उलझे विधायक:
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने दबिश देकर कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेना शुरू कर दिया था, जिसमें कई शेरगढ़ विधायक के समर्थक भी थे। इसी दौरान एक टीम देर रात जवाहर नगर पहुंची और सरपंच हरि सिंह को हिरासत में लेकर थाने ले जाने लगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.